संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। श्री खेड़ा मंदिर के लंगर हॉल में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन वीरवार शाम स्वामी श्यामानंद ने श्रद्धालुओं को जीवन में अच्छे संस्कारों, आत्मचिंतन और प्रभु भक्ति का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि बच्चे की पहली गुरु उसकी मां होती है। मां बचपन से ही बच्चों को अच्छे संस्कार दे तो उनका भविष्य उज्ज्वल बन सकता है।
स्वामी श्यामानंद ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को भारतीय संस्कृति, धर्म और नैतिक मूल्यों से जोड़ना बेहद आवश्यक हो गया है। बच्चों को छोटी उम्र से ही भगवान के नाम का जाप करने और राम नाम की माला फेरने की प्रेरणा दी जानी चाहिए, ताकि उनके भीतर आध्यात्मिकता और संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित हो सके।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज कई अभिभावक और माताएं बच्चों को संस्कार देने की बजाय मोबाइल फोन और रील बनाने में अधिक समय व्यतीत कर रहे हैं। इसका असर बच्चों के मानसिक और सांस्कृतिक विकास पर पड़ रहा है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि बच्चों को धार्मिक शिक्षा, सेवा भाव और नैतिकता की सीख देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कथा व्यास ने कहा कि मनुष्य का मन हमेशा विषय-वासनाओं में भटकता रहता है। जब भी व्यक्ति कोई गलत कार्य करने जाता है तो उसका अंतर्मन उसे रोकने का प्रयास करता है, लेकिन मन के विकार इंसान को गलत दिशा में ले जाते हैं। यदि व्यक्ति नियमित रूप से प्रभु स्मरण और आत्मचिंतन करे तो वह बुराइयों से दूर रह सकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रतिदिन आत्मचिंतन करने और बच्चों को हनुमान चालीसा का पाठ सिखाने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर कीर्ति खुराना, अनुकृति खुराना, समाजसेवी पंकुश खुराना, मुकेश बंसल, डॉ. सुभाष, अशोक धीमान सहित मौजूद रहे।
स्वामी श्यामानंद। आयोजक