सीआईए टू की टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया बेटे का हत्यारोपी पिता।
- फोटो : Yamuna Nagar
यमुनानगर। वरुण उर्फ हैप्पी के ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी पुलिस ने सुुलझा ली है। आरोप है कि सौतेले पिता ने ही सोते समय युवक की तलवार से हत्या कर दी थी। फिर उसकी टांग काटकर बोरी में पैक करने के बाद नहर किनारे ठिकाने लगा दिया था। शक के आधार पर जब पुलिस ने आरोपी पिता से पूछताछ की तो उसने हत्याकांड का खुलासा किया। डीएसपी हेडक्वार्टर कंवलजीत सिंह के अनुसार, कोर्ट में शनिवार को आरोपी की पेशी के बाद पांच दिन का रिमांड मांगा जाएगा।
डीएसपी कंवलजीत सिंह ने बताया कि 12 दिसंबर की दोपहर ग्रे पेलिकन होटल के नजदीक पश्चिमी यमुना नहर में वरुण का शव बरामद किया गया था। अगले दिन उसकी शिनाख्त हुई थी। तब परिजनों ने बताया था कि वरुण दो साल से गलत संगत में था। वह नशे के साथ ही अक्सर लड़ाई झगड़े करता था। पुलिस की जांच पड़ताल के दौरान ही शक के आधार पर जब मृतक वरुण के सौतेले पिता तरसेम से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने वारदात को अंजाम देना कबूल किया।
पूछताछ में प्रताप नगर कॉलोनी निवासी तरसेम सिंह ने बताया कि उसकी 12 साल पहले हिसार निवासी सीमा के साथ शादी हुई थी। वरुण उर्फ हैप्पी उसका सौतेला बेटा था। नशा करने के साथ ही वह रोजाना लड़ाई झगड़ा करता था और उनसे रुपये और कार की मांग करता था। रुपये न देने पर उनसे मारपीट भी करता था। इससे पूरा परिवार परेशान था। दुखी होकर तरसेम ने अपने सौतेले बेटे को मारने की योजना बनाई। इसके तहत बीते रविवार की रात जब वरुण उर्फ हैप्पी सो गया तो तरसेम ने करीब रात साढ़े दस बजे तलवार से उसके सिर और गर्दन पर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह उसके शव को बाथरूम में ले गया। वहां शव को बोरी में पैक करने के लिए टांगें काटी। उसके बाद उसे बड़ी पॉलिथीन में लपेटकर बोरी में बंद किया। उसने बोरी को अपनी गाड़ी की डिग्गी में डाला और सोमवार की अलसुबह चार बजे पश्चिमी यमुना नहर के किनारे फेंक आया। डीएसपी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसकी सियाज गाड़ी बरामद कर ली गई है, जबकि हत्या में प्रयुक्त तलवार बरामद करनी बाकी है। रिमांड के दौरान यह पता किया जाएगा कि इस वारदात में और भी कोई शामिल था या नहीं।
ये था मामला
12 दिसंबर दोपहर ग्रे पेलिकन होटल के नजदीक पश्चिमी यमुना नहर में सिक्के निकालने पहुंचे गोताखोर राजीव और उसका साथी बड़का ने बोरी में शव देखा था। शहर पुलिस ने जब शव को बोरी से बाहर निकाला तो युवक की बाजू, गर्दन, कान व टांगों पर धारदार हथियार से वार किया गया था। मंगलवार को उसकी शिनाख्त जगाधरी की प्रतापनगर कॉलोनी निवासी वरुण उर्फ हैप्पी के रूप में हुई थी। तब उसके पिता ने कहा था कि हैप्पी रविवार की दोपहर को घर से 70 हजार रुपये लेकर सेकेंड हैंड कार खरीदने की बात कहकर निकला था, लेकिन इसके बाद वह लापता हो गया।