मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को दशहरा ग्राउंड में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शहरवासियों को मनोहर सौगातें दी। उन्होंने कहा कि जिन कॉलोनियों पर अवैध का ठप्पा लगा है, उन सभी का 31 जनवरी 2024 तक हट जाएगा। एक भी कॉलोनी ऐसी नहीं रहेगी जो अवैध होगी। वैध होने पर सभी कॉलोनियों पर उचित विकास कार्य होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे परिवार जिनका व्यवसाय के हिसाब से बिजली का बिल ज्यादा आता है, उन परिवारों का फिजिकल सर्वे करवाया जाएगा, सर्वे के हिसाब से जो भी इन परिवारों को सुविधा मिलेगी उन्हें सुविधा दी जाएगी। इन परिवारों में ऑटो चलाने वाला, धोबी, प्रेस करने वाला, नाई, बढ़ाई का काम करने वाले परिवारों को भी जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जन संवाद करते हुए कहा कि यमुनानगर जिले में बीपीएल के दिसंबर 2022 में 55693 कार्ड थे जबकि अब 71388 कार्ड बने हैं। सात महीनों में करीब 16 हजार कार्ड नए बने हैं। मुख्यमंत्री ने उपायुक्त को निर्देश दिए कि जिले में पीपीपी कार्ड के माध्यम से जो भी दिव्यांग व्यक्ति हैं उनको जिस भी चीज की आवश्यकता है, उन्हें रेडक्राॅस के माध्यम से उपलब्ध करवाएं। मनोहर लाल ने कहा कि सरकार ने दिल्ली से चंडीगढ़ तक करीब 200 फ्लाईऑवर पूरे किए हैं जो कि बंद पड़े थे। पिछली सरकारों ने ऐसे ठेकेदारों को काम दिया था जोकि अधूरा काम करके चले गए, जनता को उसका खामियाजा भुगतना पड़ा। उनकी सरकार ने आते ही नए ठेकेदारों को काम दिया जिससे काम समय पर और कम रेट में पूरा किया गया।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल जन संवाद करते हुए पूछा कि यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र की जनसंख्या कितनी है। जनता के अलावा मौजूद अधिकारी भी इसका जवाब नहीं दे पाए। फिर मुख्यमंत्री ने कहा कि पीपीपी का कमाल है कि हमारे पास वास्तविक संख्या है, 30 सितंबर तक यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र की आबादी 5 लाख 13 हजार 363 थी और विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 36 हजार 344 परिवार थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 48 हजार 715 लोगों का आयुष्मान कार्ड बने हैं, जिसमें से 17 हजार 383 लोगों ने आयुष्मान के तहत उपचार करवाया है। इस उपचार के माध्यम से 44 करोड़ 78 लाख रुपये का खर्च आया है इन परिवारों को एक भी रुपया अपने पास से नहीं देना पड़ा। वहीं मुख्यमंत्री के जन संवाद में शांति देवी ने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत उन्हें बच्चादानी का ऑप्रेशन करवाया था उन्हें 24 हजार रुपये का लाभ हुआ है, जबकि अस्पताल में टेस्ट के पैसे दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शीघ्र ही योजना के तहत टेस्टों के पैसे भी आयुष्मान कार्ड के माध्यम से ही दिए जाएंगे। किसी भी जरूरतमंद को एक भी पैसा नहीं देना होगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र में 15 सड़कें मंजूर की गई है जिनमें से 8 सड़कों पर निर्माण कार्य चल रहा है और 7 का शीघ्र ही टेंडर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्कशॉप वाली सड़क का काम अंतिम चरणों में है। इस पर करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये का खर्चा आया है।
मुख्यमंत्री के जन संवाद कार्यक्रम में वंदना ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि उनका मकान आवास योजना के तहत बना है परंतु उनका पानी व सीवरेज का बिल मकान बनने से पहले का भेज दिया है जबकि उनका मकान वर्ष 2021 में बना है और बिल 2003 से भेजा गया है। मुख्यमंत्री ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि इसकी जांच की जाए और वर्ष 2011 से 2021 का बिल माफ किया जाए।
जन संवाद कार्यक्रम में गांव की आबादी देह में जोहड़ को बंद करने के बारे में मांग की गई। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी जोहड़ को बंद नहीं किया जा सकता। इसके लिए गांव पंचायत से प्रस्ताव बना कर भेजना होगा कि वह आबादी देह के जोहड़ को बंद करके गांव में ही जमीन देंगे और उस जमीन की खुदाई करके देंगे तथा आबादी देह के जोहड़ को समतल भी करेंगे। मुख्यमंत्री ने जन संवाद कार्यक्रम में ऐसे व्यक्ति जिनकी आयु 60 साल हो गई है और आय 3 लाख से कम है, संवाद के दौरान 11 लोगों की तुरंत पैंशन बनवाई गई और मुख्यमंत्री ने उन्हें पैंशन का प्रमाण पत्र सौंपा और बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने अपने जन संवाद में 5 ऐसे बच्चों व युवाओं को जन्मदिन की बधाई दी और उन्हें गिफ्ट देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 2 करोड़ 80 लाख लोग मेरे परिवार के सदस्य है इसलिए यह काम वह राजनीति से ऊपर उठकर कर रहे है।