चंडीगढ़ से चालान का भुगतान कर घर लौट रहे उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के चार रिश्तेदारों की ट्राइबर कार आगे चल रही बोलेरो कार से टकरा गई। हादसा नेशनल हाईवे-344 पर फर्कपुर क्षेत्र के गांव फूंसगढ़ के पास रात एक बजे हुआ।
आरोप है कि बोलेरो कार चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे हादसा हुआ। भिड़ंत में दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ट्राइबर कार में सवार दो रिश्तेदारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो को अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी बोलेरो कार चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के जिला रामपुर के वेदपुर गांव निवासी विपिन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी मौसी का लड़का रामपुर जिले के ही गांव खाता चितमन (रढौंडा) निवासी शिवम-21 की ट्राइबर कार का 22 अगस्त को चंडीगढ़ में चालान हो गया था। इसका भुगतान करने के लिए शनिवार को वे शिवम की कार में चंडीगढ़ गए थे। उनके साथ उसके ताऊ का बेटा अमरपाल-22, मामा का बेटा रामपुर जिले के गांव हरैया निवासी विजेंद्र उर्फ विक्की भी थे।
चालान का भुगतान करने के बाद रात करीब 10 बजे वे चंडीगढ़ से शिवम की ट्राइबर कार में सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। कार शिवम ही चला रहा था। उसके साथ वाली सीट पर अमरपाल और पिछली सीट पर विजेंद्र और वह बैठा था। नेशनल हाईवे-344 पर रात करीब एक बजे जब वे फूसगढ़ गांव के पास पहुंचे तो उनके आगे चल रही बोलेरो कार चालक ने बिना किसी संकेत के अचानक ब्रेक लगाकर कार को रोक लिया।
अचानक कार रुकने से उनकी कार उसमें टकरा गई। हादसा इतना तेज था कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ कर दूर तक बिखर गए। उनकी कार आगे से काफी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार की अगली सीट पर बैठे उसके मौसी के बेटे शिवम और ताऊ के बेटे अमरपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि उसे व विजेंद्र को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने रविवार को दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया।
बताया जा रहा है कि जो कार बोलेरो से टकराई, उसकी गति बहुत तेज थी। जैसे ही बोलेरो चालक ने ब्रेक लगाए तो कार चालक शिवम तेज गति होने के कारण नियंत्रण खो बैठा और उनकी कार बोलेरो में पीछे जा टकराई। हादसा इतना तेज हुआ कि कार आगे से सिमट गई। इससे कार की अगली सीट पर बैठे शिवम और अमरपाल उसमें फंस गए। जब राहगीरों ने उन्हें निकालने का प्रयास किया तो वे कार की बॉडी में बुरी तरह फंसे हुए थे। इसके बाद राहगीरों ने खिड़कियां तोड़कर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वे दम तोड़ चुके थे।
फर्कपुर थाना प्रभारी शीलावंती का कहना है कि मामले में आरोपी बोलेरो कार चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हादसे में घायल हुए दो अन्य रिश्तेदारों को अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।