संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी जिले के खिलाड़ी सुपर कप फुटबॉल टूर्नामेंट में अपना जलवा दिखाने मैदान में उतर गए हैं। तीसरा सुपर कप फुटबॉल टूर्नामेंट ससौली रोड स्थित हीरा स्पोर्ट्स एकेडमी के मैदान में हो रहा है। जिले में पहली बार कोई टूर्नामेंट रात में करवाया जा रहा है। समापन रविवार रात को होगा।
टूर्नामेंट का शुभारंभ विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने खिलाड़ियों का परिचय लेकर किया। इसमें छह राज्यों की 15 टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट में कई वाजिद खान, कर्णदीप सिंह, उमेश थापा, नार्थ इंडिया के बेस्ट गोलकीपर आदित्य, इटली के अंतरराष्ट्रीय मैच में भारतीय अंडर-15 टीम का नेतृत्व करने वाले आशु खेलने पहुंचे हैं।
कई अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ियों के शामिल होने से इस टूर्नामेंट का रोमांच कई गुना बढ़ गया है। इस दौरान खिलाड़ियों के रहने व खाने पीने की व्यवस्था भी आयोजन समिति की ओर से कई गई है। इस टूर्नामेंट के लिए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मंयक जोश न्यूजीलैंड से आए हैं। यह टूर्नामेंट सनएक्सप्रो क्लब की ओर से करवाया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता क्लब के मुख्य संरक्षण पार्षद विभोर पहूजा ने की। जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष भारत भूषण जुयाल ने कहा कि युवाओं में फुटबॉल के प्रति रुझान बढ़ रहा है। हमारे कई खिलाड़ियों ने फुटबॉल से जिले, प्रदेश व देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। पार्षद विभोर पहूजा ने कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति आकर्षित करने के लिए करवाया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पंकज चुघ ने बताया कि इसमें हरियाणा सहित पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड की कुल 15 टीमें भाग ले रही हैं। इसमें जिले की चार टीमें शामिल हैं। 7-ए साइड श्रेणी के टूर्नामेंट में एक टीम में कुल सात खिलाड़ी खेल रहे हैं। इस दौरान क्लब अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह, संरक्षक अमन सग्गड़, सह सचिव आदित्य, शुभम पासी सुनील कुमार, सौरभ मौजूद रहे।