शहर में शनिवार को धुंध ने सड़कों पर चलने वाले वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक
लगा दिया। करीब 11 बजे तक धुंध छाई रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा, वहीं
दिनभर आसमान पूरी तरह साफ न होने से लोगबाग सूरज की तपिश से महरूम रहे।
सुबह से ही ठंडक ने लोगों को ठिठुराना शुरू कर दिया।
दस बजे तक सूर्य के
दर्शन न होने से लोग पूरी तरह गर्म कपड़ों से लैस होकर बाहर निकले। आलम यह
था कि सड़काें पर चल रहे वाहनों को हेड लाइट जलानी पड़ी। धुंध के कारण वाहन
सड़कों पर रेंगते नजर आए। जगह-जगह लोग आग जलाकर सर्दी से बचते रहे, वहीं
बाजारों में भी दुकानदार हीटर से तपिश लेते रहे।
धुंध और कोहरे के कारण
शनिवार को भी ट्रेनें अपने निश्चित समय से कई घंटे देरी से रेलवे स्टेशन
पहुंची। लंबी दूरी की ट्रेनें तीन से पांच घंटे देरी से स्टेशन पहुंची।