संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। 75 करोड़ रुपये के धान घोटाले में गिफ्तार किए गए आरोपी राइस मिलर संदीप सिंगला एसआईटी एक बार फिर से जेल से प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर आएगी। अब मिलर से थाना प्रतापनगर में दर्ज प्राथमिकी मामले में पूछताछ की जाएगी। प्रोडक्शन रिमांड पर लेने के लिए पुलिस ने अदालत में अगले सप्ताह का प्रोडक्शन वारंट लगाया हुआ है। मंजूरी मिलते ही आरोपी सिंगला से पूछताछ की जाएगी।
वहीं मामले की जांच के लिए बनाई गई एसआईटी अभी तक गबन को लेकर कोई बड़ा खुलासा नहीं कर सकी है। यहां तक की मिलर की पत्नी जो राइस मिलों में पार्टनर है उनकी भी गिरफ्तारी अभी तक नहीं की जा सकी है। आरोपी संदीप सिंगला पर थाना प्रतापनगर के अलावा थाना छछरौली व थाना व्यासपुर में भी प्राथमिकी दर्ज हैं। पुलिस ने सबसे पहले मिलर को छछरौली में दर्ज प्राथमिकी में गिरफ्तार किया गया था।
आठ दिन के रिमांड में पूछताछ करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था। एसआईटी ने 17 दिसंबर को उसे प्रतापनगर में दर्ज प्राथमिकी में पूछताछ के लिए पांच दिन के प्रोडक्शन रिमांड पर लिया था। अब उन्हें एक बार फिर से रिमांड पर लेने की तैयारी की गई है।
पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई और खुलासे हो सकते हैं। सूत्रों की माने तो मिलर ने डीएफएसी, हैफेड के अलावा कई अन्य अधिकारियों की संदिग्ध भूमिका बताई थी, लेकिन अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। राइस मिलों में हुए धान घोटाले में दिसंबर माह में हैफेड ने यमुनानगर में तैनात सीनियर मैनेजर सलिंद्र, दो फील्ड इंस्पेक्ट राजेश व चंद्रमोहन और टेक्निकल ऑफिसर अनिल कुमार को निलंबित कर दिया था। निलंबन के दौरान सीनियर मैनेजर को हैफेड के पंचकूला मुख्यालय और बाकी तीनों को कुरुक्षेत्र कार्यालय से अटैच किया गया। जिले में धान घोटाल में यह पहली बड़ी कार्रवाई थी।
इसके सप्ताहभर बाद ही खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निदेशक ने यमुनानगर में तैनात एएफएसओ देवेंद्र कुमार और प्रतापनगर में कार्यरत इंस्पेक्टर विनोद कुमार को निलंबित कर दिया। दोनों निलंबित अधिकारियों को कैथल के डीएफएससी कार्यालय से अटैच किया गया है।
विभाग ने सात में से एक मिल का धान किया शिफ्ट
वहीं खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने संदीप सिंगला की सातों राइस मिलों में बचे हुए धान को कुटाई के लिए दूसरी मिलों में शिफ्ट करना शुरू कर दिया है। छछरौली की राइस मिल में जो धान पड़ा था उसे पास की ही एक दूसरी मिल में भेज दिया गया है। जहां पर कुटाई के बाद चावल को एफसीआई के गोदामों में सप्लाई किया जाएगा। वहीं प्रतापनगर व रणजीतपुर मिलों की धान को शिफ्ट करना अभी बाकी है।
आरोपी संदीप सिंगला से प्रतापनगर वाले मामले में प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा। इसके लिए अदालत से प्रोडक्शन वारंट मांगा गया। मामले में पूरी गहनता से जांच की जा रही है। -राजीव मिगलानी, डीएसपी एवं एसआईटी इंचार्ज।