संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरबंसपुरा व सरोजनी कॉलोनी फेज-1 के व्यापारियों के घर पर सोमवार रात गोलियां चलाने वाले आरोपी तीन दिन में भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं। हालांकि आरोपियों की धरपकड़ के लिए चार टीमें दबिश दे रही हैं, पर गुरुवार रात खबर लिखे जाने तक आरोपी गिरफ्त से बाहर थे। दोनों जगह हुए गोलीकांड के तार विदेश में बैठे नोनी राणा से जुड़े मिले हैं।
घटना के दो दिन बाद हरबंसपुरा निवासी व्यापारी गुरदीप को रंगदारी के लिए नोनी राणा का धमकी भरा कॉल आया है, जिसमें पांच करोड़ रुपये मांगे गए। ऐसे ही सरोजनी कॉलोनी फेज-1 में पुलिस सुरक्षा में रह रहे कपड़ा व्यापारी रवि के घर भी नोनी राणा के नाम लिखी पर्ची मिली है। वीरवार खबर लिखे जाने तक दोनों जगह गोलीकांड कर भागे आरोपी तीन दिन में भी पुलिस गिरफ्त में नहीं आ पाए।
सोमवार रात सरोजिनी कॉलोनी फेज-1 निवासी कपड़ा व्यापारी रवि के घर व हरबंसपुरा समीप सहमी इंडस्ट्रीज (जमुना इंजीनियरिंग कंपनी) के मालिक गुरदीप सिंह के घर व दफ्तर पर बदमाशों ने गोलियां चलाई थीं। इनमें गांधीनगर पुलिस ने गुरदीप सिंह व थाना शहर पुलिस ने रवि की शिकायत पर अज्ञात पर मामला दर्ज किया था।
भाई काला की तरह दहशत बना रहा नोनी
विदेश में बैठे सूर्य प्रताप सिंह उर्फ नोनी राणा लॉरेंस ग्रुप के गैंगस्टर काला राणा का भाई है। अपने बड़े भाई काला की तरह नोनी अपने नाम की दहशत बना रहा है। शाहाबाद में हुए शराब ठेकेदार शांतनु की हत्या की जिम्मेदारी भी नोनी राणा ने ली थी। ऐसे ही नोनी पर कई हत्या कराने, रंगदारी मांगने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं। लगातार व्यापारियों को विदेशी नंबर से रंगदारी व जान से मारने की धमकी दे रहा है। इससे कारोबारियों में खौफ हैं, जिसे कम करने में पुलिस असमर्थ दिख रही। हर मामले में पुलिस की कार्रवाई महज केस दर्ज करने तक सीमित है। ऐसे मामलों की सिर्फ शिकायतों में थाने व पीड़ितों के नाम और रंगदारी की रकम बदल रहे हैं।
रंगदारी मांगने के मामले
06 फरवरी- कालिंदी कॉलोनी में छह फरवरी को सनमाइका कारोबारी हिमांशु विज के घर हुई फायरिंग से पहले भी नोनी राणा ने विदेशी नंबर से फोन कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी।
09 फरवरी- थाना छप्पर के कारोबारी प्रभदीप सिंह से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
06 अप्रैल- गांव गोलनी निवासी शराब ठेकेदार रिंकू राणा से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
25 व 27 जून- छछरौली के प्रॉपर्टी एवं ज्वेलरी के व्यापारी तरुण से व्हाट्सएप कॉल पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और जान से मारने की धमकी दी।
व्यापारी को आई कॉल की जांच करवा रहे हैं। पुलिस की चार टीमें हर एंगल से जांच कर रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - कमलदीप गोयल, एसपी, यमुनानगर।