संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। छछरौली से जंगल के रास्ते असहापुरा जाने वाले रास्ते पर बनाई गई 200 मीटर लंबी रिटर्निंग वॉल सोम नदी के तेज बहाव में धंस कर तीन जगह से टूट गई। ऐसे में आगे जाने का रास्ता बंद कर दिया गया।
पीडब्ल्यूडी ने इसे 2018 में बनाया था। इस रास्ते को करीब साढ़े सात करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया था। रास्ते के बंद होने से दर्जनों गांवों के लोग प्रभावित होंगे। अधिकारियों का कहना है कि बरसात का सीजन खत्म होने के बाद ही मरम्मत की जा सकती है, तब तक के लिए आम आदमी के लिए इस रास्ते को बंद कर दिया गया है।
यह रिटर्निंग वॉल गुजर रही सोम नदी के पानी के बहाव को रोकने के लिए बनाई गई है ताकि, बाढ़ का पानी दूसरी तरफ न जाए और रास्ता बंद न हो। बारिश से सोम नदी में आए 15 हजार क्यूसेक से अधिक पानी के झटकों से यह वॉल धंस गई है। ऐसे में रास्ते की जमीन भी एक साइड धंसी है। जिससे ग्रामीणों की आवाजाही बंद हो गई।
ग्रामीण सुनील गर्ग व देशराज का कहना है कि बरसों की मेहनत के बाद इस रास्ते का निर्माण हुआ था। बारिश का सीजन खत्म होने के बाद ही इस रास्ते की रिपेयर या मरम्मत हो सकती है। तब तक के लिए लोगों को लगभग 10 किलोमीटर का चक्कर काट कर लेदी जाना पड़ेगा। ग्रामीणों का कि प्रशासन की ढिलाई के कारण यह हुआ है।
लोगों की सुरक्षा के लिए बंद किया रास्ता : जेई
पीडब्ल्यूडी छछरौली के जेई इकबाल सिंह का कहना है एहतियात बरतते हुए फिलहाल इस रास्ते को बंद कर दिया गया है। सोम नदी में आए पानी ने रिटर्निंग वॉल को क्षति पहुंचाई है। बरसात या बाढ़ का पानी रोकने के लिए इस रिटर्निंग वॉल को नहीं बनाया गया था। सोम नदी ने धीरे-धीरे यहां धारा प्रवाह को बदला है। इससे रिटर्निंग वॉल को नुकसान पहुंचा है और पानी का तेज बहाव से पानी रिटर्निंग वॉल के नीचे से गुजर गया। बरसात खत्म होने के बाद इसे दुरुस्त किया जाएगा।