जगाधरी। प्रदेश के राजकीय और एडिड बहुतकनीकी संस्थानों में दाखिले के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दूसरे चरण की वरीयता सूची में स्थान पाने के लिए विद्यार्थी अपने पाठ्यक्रम की पसंद (चॉइस फिलिंग) भर रहे हैं। शनिवार को इस प्रक्रिया का दूसरा दिन रहा। हालांकि संस्थानों में अवकाश होने के कारण अधिकांश विद्यार्थियों को निजी स्तर पर ऑनलाइन अपनी पसंद भरनी पड़ रही है। यह प्रक्रिया 30 जून तक जारी रहेगी। वहीं पहले चरण में अपेक्षा के अनुरूप प्रवेश नहीं होने से संस्थानों की सीटें अब भी 90 प्रतिशत सीटें खाली हैं।
तकनीकी शिक्षा विभाग के निर्धारित शेड्यूल के अनुसार 29 जून तक संस्थानों में अवकाश रहेगा। ऐसे में जो विद्यार्थी संस्थान जाकर पसंद भरना चाहते हैं, उन्हें 30 जून को ही यह सुविधा मिल सकेगी। फिलहाल विद्यार्थियों को स्वयं ऑनलाइन पोर्टल से अपनी पसंद भरनी पड़ रही है। वहीं, एक जुलाई को दूसरी वरीयता सूची जारी की जाएगी और तीन तक दाखिला प्रक्रिया चलेगी। बता दें कि अभी तक चौधरी रणबीर सिंह राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में कुल 480 में से 398 सीटें खाली हैं।
इस बार पॉलिटेक्निक संस्थानों में दाखिले को लेकर विद्यार्थियों का उत्साह पिछले वर्षों की तुलना में कम देखने को मिल रहा है। आवेदन संख्या में भी गिरावट दर्ज की गई है। इसका असर पहले चरण के दाखिलों पर भी साफ दिखाई दिया है। सीट आवंटित होने के बावजूद कई विद्यार्थियों ने संबंधित संस्थानों में रिपोर्ट नहीं की, जिसके कारण आवंटित सीटें रिक्त रह गईं। जिले के चौधरी रणबीर सिंह राजकीय बहुतकनीकी संस्थान की पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद 82 विद्यार्थियों ने ही दाखिला लिया है। संस्थान की पहली वरीयता सूची में कुल 145 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई थी। परंतु सीट पाने वाले सभी विद्यार्थियों ने रिपोर्ट नहीं की। इस दौरान कुल 85 विद्यार्थी पहुंचे थे, जिसमें से सिर्फ 82 ने दाखिला लिया, जबकि 63 ने दाखिला नहीं लिया।
वहीं, विभाग को उम्मीद है कि दूसरे चरण में जिन विद्यार्थियों को मनपंसद ट्रेड पहले चरण में नहीं मिली, उन्हें दोबारा अपनी पसंद भरने का अवसर दिया जा रहा है। ऐसे में विभाग को उम्मीद है कि इस चरण में प्रवेश संख्या में बढ़ोतरी होगी और खाली सीटों पर अधिक विद्यार्थियों का दाखिला हो सकेगा।
दाखिला समिति के अमित कुमार ने बताया कि विद्यार्थी अंतिम तिथि 30 जून से पहले अपनी पसंद अवश्य भर दें, ताकि वे दूसरी वरीयता सूची में शामिल हो सकेंगें। वहीं, जिन विद्यार्थियों को सीट आवंटित होगी, उन्हें निर्धारित समय के भीतर संबंधित संस्थान में रिपोर्ट कर दाखिले की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। संवाद
-