संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। गांव पंजेटो में सातवीं राष्ट्रस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों की कुल 35 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया और तकनीक व दांवपेच दिखाए। प्रतियोगिता विजेता का खिताब रोहतक को मिला।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यातिथि कांग्रेस नेता श्याम सुंदर बतरा ने किया। प्रतियोगिता के दौरान बेहद रोमांचकारी मुकाबले देखने को मिले। इसमें फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और दर्शकों ने खूब आनंद लिया। इस दौरान दिल्ली निजामपुर की टक्कर रोहतक टीम से हुई। दोनों ने एक दूसरे को कड़ी टक्कर दी। रोहतक ने निजामपुर को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
इस दौरान मुख्यातिथि श्याम सुंदर बतरा ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास का सबसे सशक्त माध्यम हैं। युवा नशे इत्यादि बुराइयों से दूर रहकर खेलों से जुड़े और अनुशासित जीवन अपनाएं। प्रतियोगिता विजेता व उप-विजेता टीमों को ट्रॉफी व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान साहिल नरवाल, दीप, राहुल मांडखेड़ी, विकास, अमित, बलराम, आकाश बतरा, अभि वालिया, विक्रम राठी सहित अन्य उपस्थित रहे।