संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। यूजी (अंडर ग्रेजुएट) दाखिले के लिए आवेदन से चूके युवाओं के पास एक और मौका है। चूंकि नए आवेदनों के लिए डीएचई (उच्चतर शिक्षा) हरियाणा के ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल एक बार फिर खुलेगा, जहां 17 से 30 जुलाई तक नए आवेदन का विकल्प आएगा।
यूजी दाखिले के लिए युवा नए आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 18 से 24 जुलाई तक सौ रुपये लेट फीस जमा कर दाखिले ले सकेंगे। ज्ञात हो कि डीएचई की ओर से जारी शेड्यूल मुताबिक पहले तीन से 30 जून तक यूजी दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए गए। इसके बाद पांच जुलाई को पहली और 11 जुलाई को दूसरी मेरिट सूची जारी हुई। इसी तरह तीसरे चरण में कॉलेजों की रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए नए आवेदन का अवसर दिया जाएगा।
यूजी दाखिले के लिए 12 जुलाई को जारी दूसरी मेरिट सूची में जिन आवेदकों के नाम आए, वह 12 से 15 जुलाई तक फीस भर सकते है। इनमें 14 जुलाई को रविवार की छुट्टी के चलते कॉलेज बंद रहे। इससे आवेदकों को कॉलेज में जाकर फीस भरने के लिए सिर्फ तीन दिन मिले हैं। इसका आखिरी दिन सोमवार (आज) है, जिसमें कॉलेजों में फीस भरने को लेकर आवेदकों की भीड़ लग सकती है।
जिले के एडेड और सरकारी कॉलेजों की ओर से इसके लिए फीस काउंटर बढ़ाने की तैयारी है। आवेदकों में राजेश, सन्नी व पूजा ने बताया कि पांच जुलाई को जारी पहली मेरिट में जिन आवेदकों के नाम आए, उन्हें फीस भरने के लिए छह दिन मिले थे, पर दूसरी मेरिट पर फीस भरने के लिए सिर्फ चार दिन मिले। इसमें भी एक दिन छुट्टी का क्योंकि अभी काफी आवेदक फीस नहीं भर पाए हैं, इसलिए मांग है कि फीस भरने को दो दिन और दिए जाएं।
यूजी द्वितीय-तृतीय वर्ष में 30 तक आवेदन
यूजी के द्वितीय और तृतीय वर्ष और पीजी (पोस्ट ग्रेजुएट) दाखिले के लिए भी शेड्यूल जारी हो गया है। यूजी के द्वितीय और तृतीय वर्ष में दाखिले के लिए 30 जुलाई तक ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल पर आवेदन का विकल्प है। इसके बाद एक से सात अगस्त तक सौ रुपये लेट फीस के साथ आवेदन होंगे। पीजी में 25 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन का विकल्प है, जिस पर 30 जुलाई को पहली मेरिट सूची जारी होगी। इसमें नाम आने पर 30 जुलाई से दो अगस्त तक फीस जमा कर आवेदक दाखिला ले सकेंगे।