जगाधरी। सावनपुरी कॉलोनी में गली में रैंप बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान एक व्यक्ति से दंपती, उसके बेटे व दो बेटियों ने मारपीट की। मारपीट के दौरान व्यक्ति की पगड़ी उतर गई। पीड़ित ने आरोपियों पर उसके साथ बेअदबी करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने दंपती समेत परिवार के पांच सदस्यों पर केस दर्ज कर लिया है।
सावनपुरी निवासी निर्मल सिंह ने बताया कि शुक्रवार को वह अपनी पत्नी के साथ स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल में पीटीएम में गया था। जब वह घर आया तो उसने देखा कि उसका पड़ोसी नरेश वर्मा अपने घर के सामने गली में रैंप बनवा रहा है। उसने आरोपी से कहा कि रैंप बनाने से गली का रास्ता कम हो जाएगा। जिससे कॉलोनी के लोगों को यहां से निकलने में परेशानी होगी। उनके वाहन गली से निकल नहीं पाएंगे। इसलिए वे गली में रैंप न बनाए। आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपी नरेश ने उसके साथ गाली गलौज की और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान आरोपी नरेश की पत्नी और दोनों बेटियों ने उसके सिर पर बांधी पगड़ी खोल दी।
आरोपी नरेश के लड़के ने उस पर सरिये से हमला किया। आरोप है कि आरोपी नरेश ने अपने घर में लगाए हुए सीसीटीवी कैमरों का फोकस उनके घर और अन्य पड़ोसियों के घरों के गेट पर किया हुआ है। इससे उनकी प्राइवेसी भी खतरे में है। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर आए तो आरोपी उन्हें धमकी देकर अपने घर में चले गए। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले में आरोपी नरेश, उसकी पत्नी, बेटे व बेटियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अर्जुन नगर चौकी इंचार्ज वेदपाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।