संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पांसरा रेल फाटक के पास रेलवे ट्रैक के साथ झाड़ियों में मिला शव नंदा कॉलोनी निवासी मोनू (38) का था। भाई सोनू ने शुक्रवार को शवगृह पहुंचकर कपड़ों व चप्पल से मृतक की पहचान मोनू के रूप में की। इस पर जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
वीरवार सुबह जब जीआरपी ने मौके से शव कब्जे में लिया, तब वह शत विपक्ष हालात में था। जांच में पाया गया कि ट्रेन से कट कर मौत के बाद शव को कुत्तों ने बुरी तरह नोच रखा था। सिर को शरीर से अलग कर उससे सारा मांस कुत्ते खा गए, वहीं बाजुओं का मासं खा लेने से उनकी हड्डियां दिखने लगी। कई दिन बारिश में रहने से शव गल-सड़ भी गया। जीआरपी ने मृतक की पहचान न होने पर शव को मोर्चरी में रखवाया था।
मृतक के भाई सोनू ने बताया कि भाई मोनू फैक्ट्री में काम करता था। 25 अगस्त को घर से चाय पीने के बाद कहीं चला गया। जाते समय यह भी नहीं बताया कि वह कहां जा रहा है। इसके बाद मोनू घर नहीं लौटा, तब से परिवार उसे ढूंढ रहा था। अब पांसरा रेल फाटक के पास रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों से किसी का शव मिलने का पता चला तो जीआरपी थाने पहुंचे।
बाद में मृतक की शिनाख्त पहने हुए कपड़ों व चप्पल के आधार पर मोनू के रूप में की। जीआरपी से जांच अधिकारी बलजीत ने बताया कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों ने किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मोनू की मौत के कारण का खुलासा हो सकेगा।