संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल के साथ मेयर सुमन बहमनी ने बुधवार को विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, पूर्व मेयर मदन चौहान समेत सभी पार्षदों की मौजूदगी में अपने निवास स्थान पर बैठक की। बैठक में शहर के विकास पर मंथन किया।
बैठक में मेयर ने 1996 में बसी 74 कॉलोनियों व जीआईएस (ज्योग्राफिकल इन्फॉर्मेशन सिस्टम) पोर्टल आने के बाद अवैध हुई कॉलोनियों को नियमित करने, सफाई कर्मचारियों की संख्या में बढ़ोतरी करने, चांदपुर फ्लाईओवर के पास रेलवे लाइन के नीचे से स्टॉर्म वाटर लाइन निकालने, अंडरग्राउंड नालों की सफाई के लिए अत्याधुनिक मशीनें लेने समेत अन्य मांगे रखी।
मंत्री विपुल गोयल ने अवैध कॉलोनियों को नियमित करने पर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया। मेयर ने मंत्री गोयल के समक्ष मांग रखते हुए कहा कि शहर की काफी कॉलोनियां पूरी तरह आबाद हैं, लेकिन ये अवैध होने के कारण इनमें विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। 1996 में बसी 74 कॉलोनियों को वैध कर दिया गया था, लेकिन जीआईएस पोर्टल आने के बाद इन कॉलोनियों में भवनों का नियमित कर दिया गया। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि पोर्टल आने के बाद जगाधरी क्षेत्र की 54 और यमुनानगर क्षेत्र की 22 कॉलोनियों को अवैध दर्शाया गया है, जो की टेक्निकल फाल्ट की वजह से हुई। इसे ठीक करने को लेकर उच्च अधिकारियों से बातचीत हुई है। इस दौरान मेयर ने नगर निगम कार्यालय का नया भवन बनाने के लिए 40 करोड़ रुपये देने पर आभार जताया।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य की काफी कॉलोनियों को नियमित करने की तैयारी में है। उसमें यमुनानगर-जगाधरी की भी कुछ कॉलोनियों को नियमित किया जाएगा। मेयर ने बताया नगर निगम कार्यालय में 1197 पद सफाई कर्मचारी के स्वीकृत हैं। जिनमें से 562 रिक्त हैं, जिसके चलते सफाई व्यवस्था बेहद प्रभावित होती है।