संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को भी घना कोहरा छाया रहा, जिससे आम जनजीवन प्रभावित रहा। वहीं अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन में जिले का न्यूनतम तापमान दो डिग्री तक लुढ़क गया है। सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया, जिससे लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।
वीरवार रात करीब नौ बजे से ही कोहरा पड़ना शुरू हो गया था और आधी रात तक पूरा जिला कोहरे की चादर में लिपट गया। सुबह हालात ऐसे रहे कि कुछ मीटर की दूरी पर भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। कोहरे के साथ आसमान में बादल छाए रहने से ठंड भी काफी बढ़ गई है। सड़कों पर दृश्यता बेहद कम होने के कारण लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया। कोहरे के चलते वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हादसों से बचने के लिए अधिकतर लोग अपने वाहनों की हेडलाइट जलाकर धीरे-धीरे चलते नजर आए।
ठंड से बचने के लिए लोग सड़कों किनारे अलाव पर हाथ सेकते दिखे। बढ़ती ठंड का असर बाजार में भी देखने को मिल रहा है। सड़कों पर लोगों की आवाजाही से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि बाजार पर इसका क्या असर पड़ रहा है। कई जगह पर वाहन रेंगते हुए चले, जिससे यातायात की गति बेहद धीमी रही। हालांकि राहत की बात यह रही कि सुबह करीब 10 बजे के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंटना शुरू हो गया और हल्की धूप भी निकली, जिससे लोगों ने कुछ राहत की सांस ली।
कोहरे का सबसे ज्यादा असर स्कूल, कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों पर पड़ा। अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता देखी गई। वहीं दफ्तर जाने वाले लोग भी सड़कों पर धीमी रफ्तार के कारण समय पर नहीं पहुंच सके। वहीं, शुक्रवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 173 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में रहा।
कृषि विज्ञान केंद्र दामला के मौसम विशेषज्ञ अजीत कुमार ने बताया कि शनिवार को इससे भी ज्यादा घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने लोगों को सुबह और रात के समय यात्रा करते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे धीमी गति से वाहन चलाएं, फॉग लाइट और हेडलाइट का प्रयोग करें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें।