संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत शनिवार काे मेयर सुमन बहमनी ने वार्ड 21 के कांसापुर में भगवान श्री परशुराम सामुदायिक भवन और वार्ड 22 के मोती नगर में स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने नेता जी सुभाष चंद्र बोस पार्क और मोती नगर में पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।
इस दौरान उन्होंने बाल भवन स्कूल के बच्चों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और अपने आसपास सफाई रखने का संदेश दिया। उन्होंने लोगों को खुले में कचरा न डालने, सूखे व गीले कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखने और इस कचरे को डोर टू डोर आने वाली निगम की गाड़ी में डालने के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान उन्होंने कांसापुर रोड समेत कई स्थानों पर बने डंपिंग प्वाइंट साफ कराए। मेयर ने सफाई मित्रों को निर्देश दिए कि जहां भी सफाई अभियान चलाया जा रहा है, वहां खानापूर्ति न की जाए। अच्छे ढंग से पूरी गंदगी साफ करें। इस मौके पर नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक अनिल नैन, पार्षद मनजीत कौर, पार्षद रुचि शर्मा, अंकित कपिल मौजूद रहे।