संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पांजूपुर में गुरु तेग बहादुर मेडिकल काॅलेज का निर्माण जोरों पर चल रहा है। इसी साल दिसंबर माह तक एजेंसी को मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूरा करना है। कई मंजिला इस मेडिकल कॉलेज में निर्माण सामग्री अच्छी क्वालिटी की लग रही है या नहीं इसके लिए सरकार द्वारा इसकी गुणवत्ता की जांच कराने का निर्णय लिया है।
निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांचने के लिए करीब 11 करोड़ 22 लाख रुपये से इसका ऑडिट कराया जाएगा। ऑडिट के लिए अलग से एजेंसी हायर की जाएगी। एजेंसी निर्माण सामग्री की जांच कराने के बाद अपनी रिपोर्ट सरकार को देगी। विभाग की ओर से थर्ड पार्टी क्वालिटी आडिट के लिए टेंडर लगाया गया है। जिले में मेडिकल काॅलेज की घोषणा वर्ष 2021 में हुई थी।
मेडिकल काॅलेज का शिलान्यास पांच जून 2022 को गृह मंत्री अमित शाह ने पंचकूला से किया था। मेडिकल काॅलेज के लिए 21 सितंबर 2021 को चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग और कार्यकारी एजेंसी के बीच एमओयू साइन हुआ। 25 सितंबर 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरु तेग बहादुर मेडिकल काॅलेज में निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
उस समय 30 माह में कार्य पूरा किए जाने का लक्ष्य एजेंसी को दिया गया। निर्माण कार्य अभी चल रहा है। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा भी कई बार निर्माण कार्य का निरीक्षण कर चुके हैं।
मेडिकल कालेज का निर्माण लगभग 1100 करोड़ रुपये से हो रहा है। पांजूपुर में लगभग 20 एकड़ पंचायती भूमि मेडिकल काॅलेज के लिए दी गई है।मेडिकल काॅलेज बनने का लाभ जिले के लोगों के साथ उत्तर प्रदेश व हिमाचल के लोगों को भी होगा।