संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। धनतेरस होने से मंगलवार व्यापारियों, कारोबारियों के लिए शुभ मंगल बन गया। त्योहार के कारण बाजारों में खूब धन बरसा। इस दौरान गिलास से कार, झाडू से लेकर जेवर तक सभी सामानों की लोगों ने जमकर खरीदारी की। धनतेरस ने काफी दिनों से चलकर बाजार का मंदा दूर कर दिया। इस दौरान बाजार में 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार हुआ।
त्योहार के चलते बाजारों में तड़के ही दुकानदार तैयारी में जुट गए थे। इस दौरान देर रात तक दुकानें खुली रही और लोगों ने खरीदारी की। मंगलवार को बर्तन, कार, बाइक, स्कूटर, इलेक्ट्रानिक सामान की लोगों ने जमकर खरीदारी की। वहीं, सोने चांदी की चमक भी पूरी बरकरार रही। बाजार की हर छोटी बड़ी दुकान पर भीड़ लगी रही।
दुकानों के साथ फुटपाथ व सड़क किनारे फड़ी व स्टाल लगाकर भी लोगों ने सामान बेचा। सुबह से बाजारों में भीड़ देखने को मिल रही थी। परंतु दोपहर बाद बाजारों में पांव तक रखने की जगह न बची। कारोबारियों का कहना है कि धनतेरस के बाद अब दिवाली पर भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है। यमुनानगर रेलवे स्टेशन रोड, वर्कशाप रोड पर रमेश भगत सिंह चौक से लेकर महिला थाना तक सड़क पर पांव रखने तक की जगह नहीं थी।
दिनभर सड़कों पर रहा जाम
रेलवे स्टेशन चौक, वर्कशाप रोड के अलावा जगाधरी के खेड़ा बाजार, चौक बाजार में दिनभर जाम लगा रहा। भीड़ होने के बावजूद लोग बाजारों में कारों में खरीदारी करने पहुंचे। अतिक्रमण के कारण पहले ही सड़कें तंग हैं। ऊपर से भीड़ ज्यादा थी। इसलिए दिनभर लोग सड़कों पर जाम से जूझते रहे। जगाधरी समेत कई बाजारों में जाम खुलवाने के लिए पुलिस व होम गार्ड के जवान लगाए गए थे। जाम खुलवाने के लिए पुलिसकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
एक दिन में बिकी 50 से ज्यादा कारें
धनतेरस पर मोबाइल शॉप से ऑटोमोबाइल के शोरूम तक खूब भीड़ रही। खरीदारी शुभ मानने के चलते इस दिन मोबाइल फोन की भी भारी बिक्री हुई। तमाम कंपनी के शोरूम पर लोगों की भीड़ रही। कारोबारियों के अनुसार इस दौरान करीब विभिन्न कंपनियों के 3000 से ज्यादा मोबाइल फोन बिके। विभिन्न कंपनियों की 800 से ज्यादा बाइक, स्कूटर, इलेक्ट्रॉनिक ई-बाइक की बिक्री हुई। यही नहीं विभिन्न कंपनियों की 50 से ज्यादा कारों की बिक्री हुई। इनमें पांच लाख से लेकर 20 लाख रुपये तक की कारें शामिल हैं। विभिन्न ऑटोमोबाइल एजेंसियों के प्रबंधक अमित कांबोज, रवि गर्ग, जितेंद्र अहूजा सहित अन्य बताया कि धनतेरस पर उम्मीद के मुताबिक वाहनों की बिक्री हुई। इसके लिए लोगों ने पहले ही एडवांस बुकिंग करवा रखी थी। देर शाम तक वाहनों की डिलीवरी जारी रही।
बर्तन की बिक्री से भरे धनपात्र
बर्तन नगरी के नाम से मशहूर जगाधरी के तमाम बाजारों में धनतेरस पर ग्राहकों की भारी रौनक रही। रेलवे रोड बाजार स्थित एमआर मेटल संचालक दिनेश गर्ग व गौरव गर्ग ने कि धनतेरस व दिवाली पर लोग सबसे ज्यादा स्टील, कांस्य, तांबा, पीपल इत्यादि बर्तनों की खरीदारी करते हैं। एल्यूमीनियम के बर्तनों की खरीदारी बहुत ही कम करते हैं। इस बार नए डिजाइनदार बर्तन उपलब्ध हैं। कांस्य के 51 बर्तनों का सेट 40 से 50 हजार रुपये तक बिका है।गिफ्ट देने के लिए भी लोगों कांस्य के बर्तन ज्यादा खरीदे। दी जगाधरी मेटल मेन्यूफैक्चरर्स एंड सप्लायर्स एसोसिएशन के महासचिव सुंदर लाल बतरा ने बताया कि इस दौरान गिलास से बाल्टी, कटोरी से डिनर सेट सभी की अच्छी बिक्री हुई।