संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ममेरी बहन के साथ दुष्कर्म के दोषी को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय स्पेशल पॉक्सो अदालत ने 20 साल कैद की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर एक लाख 10 हजार रुपये जुर्माना भी किया है। जुर्माना न देने पर दोषी को दो साल की अतिरिक्त सजा भुगतनी पड़ेगी।
मई 2023 को थाना शहर यमुनानगर की एक कॉलोनी में रहने वाली महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी ननद का 18 साल का लड़का उसकी सास के पास रहता है। आरोपी युवक ने उसकी 11 साल की बेटी के साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद पुलिस ने अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया। अदालत में मामले की सुनवाई में आरोपी को दोषी पाकर सजा सुनाई।