संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गांव भंभौली में पतंग उड़ाने के विवाद में 42 वर्षीय पेंटर राजेश की चाकू मारकर हत्या के मामले में थाना छप्पर पुलिस ने मुख्य आरोपी रामकुमार से निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू को उसी के घर से बरामद कर लिया है। बरामदगी के बाद आरोपी को दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उसकी पत्नी जसविंद्र को पुलिस सोमवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज चुकी है।
यह वारदात शनिवार रात गांव में हुए मामूली विवाद के बाद अंजाम दी गई थी। पतंग उड़ाने के दौरान आरोपी का नाबालिग बेटा खेत में पतंग लेने गया था, जहां सब्जियां खराब होने पर मृतक के पिता ने उसे डांट दिया। आरोप है कि बच्चे ने घर पहुंचकर इस बात को गलत तरीके से बताया, जिसके बाद दोनों परिवारों में तनाव बढ़ गया। मामले में पंचायत भी हुई, लेकिन फैसला अगले दिन के लिए टाल दिया गया।
इसी रंजिश के चलते रात करीब 11 बजे आरोपी रामकुमार ने अपने परिवार के साथ मिलकर राजेश पर हमला कर दिया। गली में हुए इस हमले के दौरान चाकू से छाती पर वार किया गया, जिससे राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
वहीं, थाना छप्पर प्रभारी वेदपाल ने बताया कि मामले में आरोपी रामकुमार की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद उसके घर से बरामद कर लिया गया है। चाकू की बरामदगी करने के बाद आरोपी राजकुमार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे जेल भेजने के आदेश दिए।