संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी सदन की दूसरी बैठक 12 जून होगी।मानसून करीब है, इसलिए बैठक में जलनिकासी का मुद्दा अहम रहने वाला है। साथ ही वार्डों के लिए नए विकास कार्यों पर भी सदन की मुहर लगने की संभावना है।
नगर निगम ने मई में शहर के बड़े नालों की सफाई करीब 72 लाख रुपये में ठेका देकर काम शुरू कराया था। ऐसे ही जनस्वास्थ्य विभाग ने भी जलभराव वाले व सीवरेज जाम की समस्या वाले स्थानों पर मशीनें लगाकर सफाई शुरू की। डीसी पार्थ गुप्ता ने निरीक्षण कर पांच जून तक नालों की प्रथम चरण की सफाई पूरी करने के निर्देश दिए थे। यह अवधि पूरी हो चुकी है, पर कई जगह नालों में गंदगी है। वहीं नगर निगम अफसरों ने पहले छोटे नाले सफाई कर्मियों से साफ करने की योजना बनाई। बाद में छोटे नालों की सफाई का भी करीब 26 लाख रुपये में ठेके देने के लिए ई-निविदा लगाई।
ऐसे ही सीवरेज लाइन भी जगह-जगह जाम हैं। मानसून से पहले स्थिति न सुथरी तो गत वर्षों जैसे जलभराव के हालात हो सकते हैं, इसलिए शहर की सरकार (मेयर व 22 पार्षदों) की मानसून से ऐन पहले होने वाली बैठक में यह मुद्दा गरमाने वाला है।
सबसे बड़ी ड्रेन अधूरी
कन्हैया साहिब चौक से जम्मू कॉलोनी तक शहर की सबसे बड़ी स्टॉर्म ड्रेन का काम पांच वर्षों से अधूरा है। 11.84 करोड़ रुपये में अमृत योजना के तहत 4500 मीटर लंबी यह ड्रेन 15 अगस्त 2019 तक पूरी होनी थी, पर चांदपुर आरओबी के नीचे रेलवे ट्रैक व साथ लगते जमीन के टुकड़े पर काम बाकी है। काम में देरी से जगाधरी से आ रहे बड़े नाले का पानी यमुनानगर की कॉलोनियों से डायवर्ट करने की योजना अधर में है। यह मुद्दा भी सदन बैठक में आ सकता है।
पार्कों की तर्ज पर देंगे सामुदायिक केंद्र गोद
सदन की बैठक में एक अलग तरह का प्रस्ताव भी आ रहा है। यह प्रस्ताव पार्कों की तर्ज पर सामुदायिक केंद्रों भी देखरेख के लिए आरडब्ल्यूए व अन्य संस्थाओं व संगठनों को गोद देने का है। सामुदायिक केंद्रों की सही देखरेख के अभाव में हालत बिगड़ रही है। इसमें सुधार के लिए आसपास के लोगों की आरडब्ल्यूए या अन्य किसी संस्था या संगठन को सामुदायिक केंद्र गोद लेने की योजना बनाई जा रही है।
सदन की दूसरी बैठक 12 जून को बुलाई है। इसमें 22 अप्रैल की पहली बैठक के मंजूर प्रस्तावों की प्रगित जानी जाएगी। मानसून करीब है, इसलिए सदन बैठक में जलनिकासी के कामों पर फोकस रहेगा। नगर निगम के नए भवन के लिए जमीन फाइनल हो गई थी, जिसके आगे की कार्रवाई बारे भी अफसरों से जानकारी ली जाएगी। -सुमन बहमनी, मेयर यमुनानगर जगाधरी नगर निगम।