संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय अहड़वाला में डिस्पेंसरी समिति, राष्ट्रीय सेवा योजना समिति तथा महत्वपूर्ण दिवस समारोह समिति के संयुक्त तत्वाधान में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में कृमि नियंत्रण के लिए एलबेंडाजोल गोलियां दी गईं ताकि विद्यार्थी स्वस्थ रह सकें।
डिस्पेंसरी समिति के संयोजक मोहिंद्र ने कहा कि हमें स्वच्छता का बहुत ही अधिक ध्यान रखना चाहिए। भोजन करने से पहले अपने हाथों को अच्छे से धोना चाहिए। फलों को खाने से पहले उन्हें अच्छे से धोना चाहिए और स्वच्छ जल पीना चाहिए ताकि शरीर में होने वाले कृमि रोगों से बचा जा सके। उपप्राचार्य डॉ. सुनील तनेजा ने कहा कि हमें अपने आसपास साफ सफाई का बहुत ही अधिक ध्यान रखना चाहिए।
घर में मक्खी, मच्छर नहीं होने चाहिए और साथ ही हमें नंगे पैर नहीं चलना चाहिए क्योंकि कुछ कृमि हमारे पैरों के रास्ते से हमारे शरीर में प्रवेश कर जाते हैं। उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण से शरीर में खून की कमी, कुपोषण और शरीर का विकास रुक सकता है। डॉ. रमेश धारीवाल ने कहा कि स्वच्छता ही जीवन का आधार है।
यदि जीवन में साफ सफाई का ध्यान नहीं रखा जाता तो शरीर बीमारी का घर बन जाता है। महत्वपूर्ण दिवस समारोह समिति की संयोजिका महक सिंगला ने प्राचार्या, डॉ. सुनील तनेजा व सभी प्राध्यापकों का धन्यवाद किया। मंच संचालन चंचल रानी ने किया। इस अवसर पर आरती अरोड़ा, डॉ. सुमन पंजेटा, डॉ. मनीषा मौजूद रहे।