संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। साई सौभाग्य संस्था ने जरूरतमंद बच्चों को राशन मुहैया कराने तथा निशुल्क पढ़ाई कराने के बाद अब उम्मीद की किरण नाम से नया प्रोजेक्ट शुरू किया है। यह प्रोजेक्ट उन दिव्यांग बच्चों के लिए लाभकारी होगा जो न तो सुन सकते हैं और न ही ठीक से बोल पाते हैं।
साई सौभाग्य संस्था के महासचिव निपुण गर्ग ने बताया उम्मीद की किरण प्रोजेक्ट उन दिव्यांग बच्चों के लिए है जो सुन व बोल नहीं सकते। इस प्रोजेक्ट का शुभारंभ कार्यवाहक जिला शिक्षा अधिकारी शिवकुमार धीमान ने किया। इस प्रोजेक्ट में उन बेसहारा बच्चों को सहारा मिलेगा जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है और जो अपने बच्चों को साइन भाषा या स्पेशल शिक्षा नहीं दे सकते।
इस प्रोजेक्ट में स्पेशल शिक्षक नियुक्त किए गए हैं जो कि इन बच्चों को साइन लैंग्वेज पढ़ाएंगे और इनको सामान्य बच्चों जैसा बनाया जाएगा। शिवकुमार ने कहा जिला शिक्षा विभाग साई सौभाग्य के इस कदम को सलाम करता है। यह बच्चे हमारे देश का कीमती अंग हैं और साथ ही बहुत सी सुविधाएं विभाग सरकार द्वारा दी गई है, जिसका ये फायदा उठाएंगे।
शिवकुमार ने मुस्कान, आकाश, शिप्रा व सभी बच्चों को अपने हाथों से कक्षा में पैठाया। साईं सौभाग्य की मुख्य अध्यापिका ने बताया इनके अलावा 10 बच्चों को कंप्यूटर कोर्स पूरा करने पर प्रमाण पत्र दिया गया। यदि जिले में कोई आसपास ऐसे बच्चे जो सुन, बोल नहीं सकते हैं तो उनके परिवार वाले उन्हें यहां से निशुल्क शिक्षा दिला सकेंगे।