साढौरा। अंबाला से लोकसभा सांसद वरुण चौधरी ने साढौरा अनाज मंडी में पहुंच कर किसानों व आढ़तियों की समस्याएं सुनी व प्रदेश सरकार की नीतियों पर जमकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि सरकार को पराली में आग दिख रही है और किसानों का नुकसान नहीं दिखाई दे रहा है।
सांसद चौधरी शनिवार शाम को पहले कांग्रेस नेता अनिल संधू मोंटी के कार्यालय में पहुंचे ओर वहां से अनाज मंडी साढौरा में साधु राम एंड मुनी लाल पर पहुंच कर आढ़तियों व किसानों से बातचीत की व उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान उनके साथ साढौरा विधायक रेनू बाला भी मौजूद रहीं। उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों व आढ़तियों के साथ अन्याय किया है जहां पर पहले तो फसल पंजीकरण उनके ऊपर थोप दिए और फिर समय से पहले खरीद शुरू कर अभी तक भी पंजीकरण सत्यापन नहीं किए। जिससे किसानों को फसल बेचने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।