संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हमारे गांव की छोरियां नेटबॉल की राष्ट्रीय प्रतियोगिता जीत विजेता बनकर लौटी हैं। उत्तर प्रदेश के बरेली में हुई सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में गांव तलाकौर की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर देशभर में जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में जिले की खिलाड़ियों ने सभी प्रतिद्वंदियों को परास्त करते विजेता का खिताब पाया है।
टीम ने स्वर्ण पदक से जिले का नाम चमकाया है। लड़कियों की शानदार जीत से परिजनों सहित खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है। प्रतियोगिता के बाद घर लौटने पर खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। इस प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में जिले की टीम ने पंजाब को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्का की। फाइनल मैच में जिले की टीम का मुकाबला कर्नाटक से हुआ। कर्नाटक की टीम काफी मजबूत थी और पहले भी यह खिताब वह जीत चुकी थी।
जिले की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने देश की सबसे मजबूत मानी जाने वाली टीम को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कोच मनोज ने बताया कि टीम का नेतृत्व कप्तान वंशिका ने किया। वंशिका ने बेहतरीन नेतृत्व किया और टीम को सफलता तक पहुंचाया। टीम ने कोच मनोज कुमार, प्रवीण कुमार व नीलम के नेतृत्व में अभ्यास किया और यह सफलता पाई। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने खिलाड़ियों को अपने निवास पर आमंत्रित कर उनका सत्कार किया।
पूर्व मंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत है, जिसने यमुनानगर के साथ गांव तलाकौर का नाम भी देश भर में रोशन किया है। पूर्व मंत्री ने बताया कि इस स्वर्ण पदक विजेता टीम ने सभी को गौरांवित किया है। कड़ी मेहनत, अनुशासित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
पूर्व मंत्री ने कहा कि सरकार की खेल नर्सरी, खेल योजना खिलाड़ियों की राह आसान बना रही है। योजना के तहत सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी शाम को नियमित रूप से अभ्यास कर रहे हैं। सरकार उन्हें हर माह 2,500 की प्रोत्साहन राशि दे रही है। आर्थिक सहयोग से बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है।
पूर्व मंत्री ने सभी खिलाड़ियों का मुंह मीठा करवाया। इस दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष निश्चल चौधरी, प्रदीप सैनी जिला सचिव किसान मोर्चा, बलजीत सिंह सैनी, जगमाल सैनी, जितेंद्र प्रजापति, जसविंद्र सिंह सैनी, गोपाल सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।