संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मेयर पर आरोप लगाने वाले पूर्व पार्षद नीरज राणा को भाजपा ने छह साल के लिए निलंबित कर दिया है। भाजपा की ओर से पूर्व पार्षद से मेयर मदन चौहान पर लगाए गए आरोपों का स्पष्टीकरण मांगा गया था, जिसका पूर्व पार्षद कोई जवाब नहीं दे पाए। न ही कोई तथ्य प्रस्तुत कर पाए। इस पर भाजपा जिला प्रभारी व जिलाध्यक्ष राजेश सपरा के निर्देशों पर पूर्व पार्षद नीरज राणा को छह साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया गया है। भाजपा जिला महामंत्री एवं कार्यालय प्रभारी कृष्ण सिंगला की ओर से इस संबंध में पूर्व पार्षद नीरज राणा को पत्र जारी किया गया है।
पूर्व पार्षद नीरज राणा को जारी किए गए पत्र में भाजपा जिला महामंत्री कृष्ण सिंगला ने बताया कि 11 जून को आपकी ओर से (नीरज राणा) मेयर मदन चौहान पर लगाए आरोपों का स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन आपने अपने स्पष्टीकरण में व्यक्तिगत रूप से मेयर पर लगाए आरोपों का कोई जवाब नहीं दिया। न ही कोई तथ्य प्रस्तुत किए। आपने अपने जवाब में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठाए हैं। आपके द्वारा मेयर पर लगाए गए आरोपों का कोई तथ्य प्रस्तुत न करने पर इसे आपकी अनुशासनहीनता, दुष्प्रचार व पार्टी की छवि खराब करने का प्रयास समझते हुए जिला प्रभारी धूमन सिंह किरमिच व जिला अध्यक्ष राजेश सपरा के निर्देशानुसार आपको 6 साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया जाता है।
बॉक्स
ये था मामला
वार्ड नंबर 20 से पार्षद रेखा राणा के पति एवं पूर्व पार्षद नीरज राणा ने सात जून को मेयर मदन चौहान पर विकास कार्यों व नगर निगम में नौकरियों को लेकर आरोप लगाए थे। मेयर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री, निकायमंत्री को चिट्ठी लिखकर विजिलेंस से जांच कराने की मांग की थी। मेयर मदन चौहान ने आरोपों को नकारा था। उनका कहना था कि उन्होंने हर वार्ड में निष्पक्ष रूप से कार्य करवाएं है। करोड़ों रुपये खर्च कर हर कालोनी में पक्की गलियों, नालियों का निर्माण किया जा रहा है। सीवरेज व सीवर लाइन डाली जा रही है। शहर की 69 कालोनियों को अप्रूवड करवाकर उनमें भी करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाएं जा रहे हैं। उनका कहना था कि नगर निगम में हमने भ्रष्टाचार के सभी रास्ते बंद किए हैं। योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरी दी जा रही है। कोई भाई भतीजावाद नहीं किया गया।
मैंने जो कहा, वो सच है : नीरज राणा
पार्टी से छह साल के लिए निलंबित किए पूर्व पार्षद नीरज राणा का कहना है कि उन्होंने पार्टी की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब दिया था। मेरी मंशा पार्टी की प्रतिष्ठा धूमिल करने की नहीं है। इस बारे में वह विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, डॉ. हर्ष गिरीश पुरी, पवन बिट्टू को बता चुके हैं। इसके बावजूद किसी ने भी इस पर संज्ञान नहीं लिया। राणा ने मेयर पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोपों को सही बताया और कहा कि इस पर कार्रवाई होनी चाहिए। मुझे निलंबन से दिक्कत नहीं है। क्योंकि मैंने जो कहा, वो सच है।