संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सहारनपुर रोड स्थित प्लाईवुड फैक्ट्री में शुक्रवार की देर रात करीब डेढ़ बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। इससे फैक्ट्री में लाखों रुपये का माल और मशीनरी जल गई। दमकल विभाग की टीम ने तीन घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
सहारनपुर रोड पर आर्यन इंटरप्राइजेज के नाम से प्लाईवुड फैक्ट्री है। बताया जा रहा है कि देर रात को करीब डेढ़ बजे फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग की लपटों ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट ले लिया। दमकल विभाग की टीम को फोन कर इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
करीब तीन घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फैक्ट्री के मालिक अजय कुमार ने बताया कि आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारण अभी पता नहीं चल सके हैं। एफएसओ नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्लाईवुड फैक्ट्री में आग लगी थी। टीम को मौके पर भेजकर आग पर काबू पाया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि शार्ट सर्किट होने से आग लगी है। जांच के बाद इसकी पुष्टि होगी।