संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हिंदू गर्ल्स कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्राओं की ओर से प्रथम वर्ष की छात्राओं के स्वागत के लिए समारोह किया गया। इसमें छात्राओं ने उत्साह से भाग लिया। छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक व मनोरंजक गतिविधियों से अपनी प्रतिभा का मंच से शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत व परिचय सत्र से हुआ। इस दौरान छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के बाद वंशिका को मिस फ्रेशर, जेसिका को मिस ब्यूटीफुल और भावना मिस टैलेंटेड का खिताब दिया गया। कार्यक्रम में प्राचार्या मोनिका खुराना मुख्यातिथि रहीं।
प्राचार्या ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास, रचनात्मकता व व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं, उन्हें शिक्षा के साथ सह पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में छात्राओं ने नृत्य, गीत, संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रैंप वॉक व टैलेंट शो रहा। प्रथम वर्ष की छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ रैंप वॉक में भाग लिया तथा अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। विभिन्न चरणों में छात्राओं से रोचक प्रश्न पूछे गए। कार्यक्रम संयोजिका सीमा गुप्ता रहीं। इस दौरान अनुपमा, डॉ. सुरूचि चौधरी, डॉ. सोनिया शर्मा, डॉ. अंकिता, नंदिनी, संगीता, उर्वशी व जया ने व्यवस्था संभाली।
हिंदू गर्ल्स कॉलेज में कार्यक्रम के दौरान शिक्षिकाओं के साथ मौजूद छात्राएं। संस्थान