फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: पीएम के आने से पहले बदलेगी शहर की सूरत

Tue, 01 Apr 2025 12:59 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

यमुनानगर। दीनबंधु सर छोटूराम थर्मल पावर प्लांट की नई यूनिट की नींव रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को शहर आ सकते हैं। इसके लिए शहर में ही तेजली खेल परिसर में कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके लिए तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। खासकर नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी की ओर से पीएम के कार्यक्रम से पहले शहर की सूरत बदलने की तैयारी है।
इसके तहत अगले 13 दिन शहर में सुंदरीकरण के कई काम होते दिखेंगे। एक ओर मार्गों पर गड्ढे भरने के लिए पैचवर्क व मरम्मत कार्य होंगे, वहीं कई सड़कों पर तारकोल लेयर भी बिछेगी। सड़कों के बीच बने डिवाइडरों के हाल भी सुधरेंगे। डिवाइडरों की मरम्मत होगी। डिवाइडर व उन पर लगे ग्रिल, पेड़ों व स्ट्रीट लाइट के खंभों पर पेंट होगा। मुख्य चौक भी तिरंगा चादरों व फूलों से सज नजर आएंगे।
विज्ञापन

इसके अलावा वॉल पेंटिंग से सड़कों के साथ बनी दीवारें स्वच्छता संदेश देती दिखेंगी। यही नहीं, मुख्य मार्गों की एंट्री पर वेलकम टू नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी, आई लव यमुनानगर व जगाधरी के लाइट लगे गैंट्री बोर्ड लगाए जाएंगे। इन कामों के लिए निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने अधिकारियों के साथ बैठक की और कार्यक्रम से पूर्व सभी काम पूरे करने के निर्देश दिए।
नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने अभियंता शाखा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुरुक्षेत्र-यमुनानगर मार्ग, सहारनपुर रोड, अंबाला रोड, पुराना सहारनपुर रोड, जगाधरी पांवटा मार्ग, रेलवे रोड, गोविंदपुरी मार्ग, जिमखाना क्लब रोड व तेजली स्टेडियम तक आने वाले मार्गों को गड्ढा मुक्त बनाएं। क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत करें। शहरी क्षेत्र में मार्गाें पर कारपेट बिछाने का काम करें। बर्म समतल करें। टूटे डिवाइडर ठीक करें। डिवाइडर व ग्रिल पेंट कराएं।
डिवाइडर पर लगे पुराने स्ट्रीट लाइट पोल पर एल्यूमीनियम पेंट कराएं। जो लाइट खराब है, उसे तुरंत दुरुस्त कराएं। ट्री-गार्ड की पेंटिंग व पेड़-पौधों की ट्रिमिंग कराएं। सड़क किनारे सरकारी भवनों, अस्पतालों व अन्य भवनों की दीवारों पर वॉल पेंटिंग की जाए। मुख्य मार्गाें पर स्ट्रीट लाइट पोल पर लगी तिरंगा लाइट दुरुस्त करें। जहां नहीं है, वहां पर तिरंगा लाइट लगाएं।
निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने निर्देश दिए कि अभियंता शाखा व सफाई शाखा मिलकर शहर को जीरो वेस्ट बनाएं। अभियान चलाकर सीएंडडी वेस्ट व खुले में पड़े कचरे को साफ कराएं। स्ट्रीट वेंडिंग जोन चालू कर उनमें सड़क किनारे खड़े स्ट्रीट वेंडर्स को शिफ्ट करें। शहर में लगे विज्ञापन यूनिपोल पर स्वच्छ यमुनानगर-जगाधरी के बैनर लगाकर शहर को स्वच्छ बनाने का संदेश दें।
सफाई अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सभी मुख्य सड़कों, डिवाइडर व किनारों की सफाई कर सुंदर बनाएं। अतिरिक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली, जेसीबी, लोडर व अन्य संसाधन लगाकर सफाई व्यवस्था बेहतर बनाएं। लावारिस पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाएं। व्यावसायिक क्षेत्रों में नाइट स्वीपिंग व डोर टू डोर कचरा उठान में तीव्रता लाए। इस मौके पर अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, अधीक्षण अभियंता हेमंत कुमार, कार्यकारी अभियंता सुखविंद्र सिंह, निगम अभियंता राजेश कुमार, सीएसआई सुनील दत्त, सीएसआई हरजीत सिंह, शशि गुप्ता मौजूद रहे।
विज्ञापन


मॉडल बनेंगे जिमखाना व वर्कशॉप रोड

निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आगमन से एक दिन पहले शहर के शहीद भगत सिंह चौक, महाराजा अग्रसेन चौक, महाराणा प्रताप चौक समेत अन्य चौकों की फूलों व तिरंगा चादर से सजावट की जाए। जिमखाना क्लब रोड, शहीद भगत सिंह चौक से महाराणा प्रताप चौक तक वर्कशॉप रोड को मॉडल रोड बनाए। इसके लिए मार्गाेंं को साइकिल ट्रैक, वॉल पेंटिंग व थर्मोप्लास्टिक पेंट से सुंदर सजाएं। तेजली खेल परिसर की चारदीवारी पर बाहर की तरफ स्वच्छता थीम और अंदर की तरफ खेल थीम पर वॉल पेंटिंग कराएं। तेजली खेल परिसर तक श्रीलालद्वारा रोड व तेजली रोड पर भवनों, घरों व दुकानों की दीवारों पर गुलाबी पेंटिंग की जाए। ट्विनसिटी में लगे आई लव यमुनानगर, आई लव जगाधरी ऐक्रेलिक लाइट की जांच करें। जहां खराब है, उन्हें ठीक कराए। शहर के चौक व आयोजन स्थल के नजदीक स्वच्छ यमुनानगर-जगाधरी थीम पर आधारित एक्रेलिक लाइट लगाएं। पार्कों व सरकारी भवनों की दीवारों पर स्वच्छ यमुनानगर-जगाधरी के लोगो और थीम के साथ वॉल पेंटिंग कराएं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें