संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) लेवल-3 शनिवार को जिले के 16 केंद्रों पर परीक्षा संपन्न हुई। शहर के डीएवी गर्ल्स कॉलेज में कुछ अभ्यर्थियों की परीक्षा 15 से 30 मिनट देरी से शुरू हुई। परीक्षा देरी से शुरू होने का कारण प्रश्नपत्र कम आना और उत्तर पुस्तिका व प्रश्नपत्र के कोड में अंतर होना बताया गया।
वहीं व्यवस्था पर प्रश्न उठ गए। यदि चंद मिनट की देरी से पहुंचने पर अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित कर दिया जाता है, तो परीक्षा देरी से शुरू होने पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं प्रश्नपत्र के एक कोड में वह प्रश्न पूछे गए थे, जिनके पैसेज ही नहीं थे। ऐसे में अभ्यर्थियों को यह 15 अंक बिना उत्तर देने के ही देने होंगे।
इसके अलावा अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र में मूल सुविधाओं पर भी नाराजगी जताई। अभ्यर्थियों ने बताया कि केंद्र में उन्हें पीने के लिए पानी नहीं दिया गया। कई बार मांगने पर भी पानी नहीं मिला। मीनाक्षी, पूजा, सुनील, सुखदेव ने बताया कि डीएवी कॉलेज में व्यवस्था बहुत ही बदहाल रही। अभ्यर्थियों ने बताया कि उनके पास प्रश्नपत्र सील नहीं थे। उन्हें प्रश्नपत्र अलग और उत्तरपुस्तिका अलग दी गई। ऐसी परीक्षा में प्रश्नपत्र व उत्तरपुस्तिका एक ही सील पैकेट में होती है और दोनों के कोड एक ही होते हैं।
बसें कम होने से यात्री रहे परेशान
यमुनानगर। एचटेट के लिए रोडवेज की 10 बसें लगाए जाने से शनिवार को यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई नियमित रूटों पर बसों का संचालन प्रभावित रहा। इससे बस अड्डों पर यात्रियों की भीड़ लगी रही और घंटों तक इंतजार करना पड़ा।
यात्रियों ने बताया कि निर्धारित समय पर बसें नहीं मिलने से उन्हें जरूरी कार्यों के लिए देरी हुई। कई रूटों पर बसों की संख्या कम होने के कारण यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। वहीं कुछ लोगों ने मजबूरी में निजी वाहनों और टैक्सी का सहारा लिया। रूट डायवर्जन के चलते भी बस सेवाएं प्रभावित रहीं। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए 10 बसों की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा संपन्न होने तक इन बसों का संचालन विशेष ड्यूटी पर रहा। संवाद
4,190 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) लेवल-3 शनिवार को जिले के 16 केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुई। इन 16 केंद्रों पर कुल 4,935 अभ्यर्थियों की परीक्षा होनी थी। कुल 4,190 अभ्यर्थियों ने परीक्षा देने पहुंचे और 745 अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों पर 10 से 15 पुलिस कर्मी तैनात किए गए। गहन जांच के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश मिला।
इस दौरान अभ्यर्थियों की चूड़ियां, कड़े, बालियां, रूमाल, हेयरबैंड यहां तक की पैन भी बाहर ही रखवा दिए गए। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए रोडवेज की ओर से 10-10 बसे लगाई गई हैं।
परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना था और प्रवेश एक बजे दिया गया। परीक्षा दोपहर तीन से साढ़े पांच बजे तक चलेगी। डीसी, एडीसी, एसडीएम, एसपी सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण किया।
परीक्षा के बाद अभ्यर्थी घर जाने लगे तो शहर में वाहनों की संख्या बढ़ गई, इससे जाम की स्थिति बन गई। जाम के कारण लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। हालांकि जाम की स्थिति से निपटने के लिए शहर के सभी चौराहों व मोड़ पर पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे। परंतु यातायात का दबाव अधिक होने के कारण दिक्कत हुई। रविवार को लेवल वन और टू की परीक्षा सुबह 10 बजे से होगी।
डीएवी गर्ल्स कॉलेज में बने केंद्र से परीक्षा के बाद निकलते अभ्यर्थी। संवाद
डीएवी गर्ल्स कॉलेज में बने केंद्र से परीक्षा के बाद निकलते अभ्यर्थी। संवाद
डीएवी गर्ल्स कॉलेज में बने केंद्र से परीक्षा के बाद निकलते अभ्यर्थी। संवाद
डीएवी गर्ल्स कॉलेज में बने केंद्र से परीक्षा के बाद निकलते अभ्यर्थी। संवाद
डीएवी गर्ल्स कॉलेज में बने केंद्र से परीक्षा के बाद निकलते अभ्यर्थी। संवाद