संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर के भीड़भाड़ वाले तेजली रोड पर श्रीराम शरणम मंदिर के पास शनिवार की शाम वेस्ट कागज से भरा ट्रक बिजली की तारों की चपेट में आ गया। तारों के टकराने से निकली चिंगारी से ट्रक में लदे कागज में आग लग गई। कागज से आग की लपटें उठने लगी तो लोगों ने शोर मचा दिया। चालक सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को खाली मैदान में ले गया। दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
ट्रक चालक रोशन लाल ने बताया कि शाम ट्रक में वेस्ट कागज लेकर तेजली की तरफ जा रहा था। श्रीराम शरणम मंदिर के पास सामने से दूसरी गाड़ी आ गई। उस गाड़ी को निकालने के लिए उसने अपने ट्रक को साइड में कर लिया। इसी दौरान ट्रक ऊपर से निकले बिजली केतार से टकरा गया। आपस में टकराने से तारों से चिंगारी निकलने लगी। इससे ऊंचाई तक भरे कागज में आग लग गई।
आग की लपटे देखकर लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आग लगी देख ट्रक के केबिन में बैठे मजदूर मौका पाकर उससे उतर गए। वहीं रोशन लाल ट्रक को सामने के खाली मैदान में लेकर गया। लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। कुछ ही देर में दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया।
आग इतनी ज्यादा थी कि जेसीबी की मदद से ट्रक में भरे कागज को बाहर निकाला। आग से ट्रक का भी काफी हिस्सा जल गया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने बताया कि यदि साथ में खाली मैदान न होता तो आसपास की दुकानें भी आग की चपेट में आ सकती थीं।