संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 को लेकर ली जा रही सिटीजन फीडबैक में नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी नंबर एक पर है। अब तक 5929 लोग अपनी फीडबैक दे चुके हैं। स्वच्छता एप, स्वच्छ भारत मिशन पोर्टल व स्कैनर के माध्यम से शहरवासियों की फीडबैक ली जा रही है। इसका मकसद स्वच्छता के बारे में लोगों की राय जानना है।
निगम की टीमें डोर-टू-डोर, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं में जाकर लोगों को सिटीजन फीडबैक देने के प्रति जागरूक कर रही हैं। इसके अलावा शहरवासी भी निगम का सहयोग कर रहे है। स्वच्छ भारत मिशन की साइट पर ऑनलाइन ली जा रही फीडबैक के दौरान स्वच्छता से जुड़े अलग-अलग सवाल पूछे जा रहे हैं। इनका शहरवासियों से जवाब लिया जा रहा है।
अभी सिटीजन फीडबैक की प्रक्रिया जारी है। निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने हर शहरवासी से सिटीजन फीडबैक देने की अपील की है। अतिरिक्त निगम आयुक्त डाॅ. विजय पाल यादव के जोन एक में सीएसआई हरजीत सिंह व जोन दो में सीएसआई सुनील दत्त के नेतृत्व में टीमें स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में बेहतर रैंक लाने के लिए कार्य कर रही हैं।
इसके अलावा सेल्फ हेल्प ग्रुप, सक्षम व निगम कर्मी सिटीजन फीडबैक देने के लिए शहरवासियों को जागरूक कर रही है। वहीं मंगलवार को नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी सिटीजन फीडबैक में करनाल को पछाड़ते हुए प्रदेश में अव्वल स्थान पर आ गया। अब 5929 फीडबैक के साथ यमुनानगर पहले स्थान पर है। वहीं 5745 फीडबैक के साथ करनाल दूसरे स्थान पर है।
इसी कड़ी में मंगलवार को नगर निगम की टीम ने वार्ड-16 में महिलाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। सफाई निरीक्षक सुशील कुमार, ब्रांड एंबेसडर शशी गुप्ता व अन्य ने महिलाओं को खुले में कचरा न डालने, सूखा व गीला कचरा अलग-अलग कर वाहन में डालने, रसोई वेस्ट व बागवानी कचरे से खाद तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पुराने कपड़ों से बैग बनाने और वेस्ट से बेस्ट बनाने के प्रति जागरूक किया गया।