संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. मुनीष बंसल ने रविवार को रादौर के सरकारी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और अस्पताल में सफाई, रखरखाव के कार्यों की जानकारी ली। इसके अलावा यहां बनने वाले नए अस्पताल भवन की जानकारी लेकर साइट प्लान देखा।
एसएमओ डॉ. विजय परमार ने उन्हें बताया कि विभाग की ओर से क्षेत्र में 11 डॉक्टरों के पद स्वीकृत हैं। इनमें पांच डॉक्टर सरकारी अस्पताल रादौर में, एक मोहडी व एक अंटावा में कार्यरत है। चार डॉक्टरों के पद अभी रिक्त हैं। इस पर डॉ. बंसल ने कहा कि विभाग की ओर से जल्द डॉक्टरों की भर्ती होगी। इसके बाद रादौर में अन्य चार डॉक्टरों की नियुक्ति होगी।
निरीक्षण के दौरान डॉ. बंसल ने रादौर में सरकार की ओर से बनाए जाने वाले नए अस्पताल के बारे में जानकारी हासिल की। एसएमओ डॉ. विजय परमार ने उन्हें पीडब्ल्यूडी की ओर से बनाए गए नए अस्पताल के लिए साइट प्लान दिखाया। इसके आधार पर अस्पताल का फाइनल नक्शा विभाग की ओर से तैयार किया जाएगा। इस दौरान सीएमओ डॉ. पूनम चौधरी व अन्य स्टाफ मौजूद रहा।