जगाधरी। त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाइयों की दुकानों पर जांच तेज कर दी है। बुधवार को विभाग की टीम ने साढौरा और व्यासपुर में पांच मिष्ठान विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इनमें रसगुल्ला, चमचम, बर्फी, बेसन के लड्डू और मट्ठी शामिल हैं।
सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गुलाब सिंह के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले साढौरा में जांच की। यहां राजस्थानी बीकानेर स्वीट्स हाउस से रसगुल्ले और पंडित स्वीट हाउस से चमचम का नमूना लिया गया। इसके बाद टीम व्यासपुर पहुंची। यहां अग्रवाल स्वीट हाउस से बर्फी, सैनी स्वीट हाउस से बेसन के लड्डू और पाल स्वीट हाउस से मट्ठी का नमूना लिया गया। टीम में मोहित गौतम और संजीव कुमार भी शामिल रहे। त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए विभाग की ओर से दुकानों पर छापेमारी की जा रही है। नमूनों की जांच से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का पता चलेगा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गुलाब सिंह ने बताया कि पांचों नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे। प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल नमूनों की जांच रिपोर्ट आने का इंतजार है।