संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और शैक्षणिक सुधारों को लेकर जिले के शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (डीईईओ) अशोक राणा से शिष्टाचार भेंट की। शिक्षक नेता महेंद्र सिंह कलेर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें समस्याएं बताकर निस्तारण करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, अतिरिक्त गैर-शैक्षणिक कार्यों का बोझ, स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकता, विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, ऑनलाइन कार्य और प्रशासनिक दायित्वों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि विभाग शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि नियमों के दायरे में रहते हुए समस्याओं का शीघ्र और सकारात्मक समाधान किया जाएगा। शिक्षक नेता कलेर ने कहा कि शिक्षक समाज शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए सदैव तत्पर रहता है। यदि प्रशासन और शिक्षक आपसी समन्वय से कार्य करें तो शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है। इस दौरान हरीश किमौठी, अनिल कांबोज, राकेश गुप्ता, वंदना गंभीर, मीनू कांबोज, अभिनव, पवन राणा, गुलाब सिंह राणा, बलदेव शास्त्री, पिरथी सैनी, अशोक कुमार और दीपक शर्मा उपस्थित रहे।