संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। श्री दंडी स्वामी आश्रम स्थित नागेश्वर धाम पक्का घाट मंदिर में पुजारी के साथ मारपीट कर लाखों रुपये की नकदी व ज्वेलरी लूटने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपीकी पहचान क्षेत्रपाल नगरखेड़ा रादौर निवासी अंकुश उर्फ फुलु के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड अवधि में पुलिस लूटी गई नकदी, गहनों की बरामदगी के साथ-साथ वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में भी अहम जानकारियां जुटाने में लगी है।
उधर इस घटना को लेकर मंदिर के महंत दंडी स्वामी महेशाश्रम महाराज का रोष अभी भी शांत नहीं हुआ है। उन्होंने शुक्रवार से आमरण अनशन शुरू कर दिया, जो एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भी जारी है।
महंत ने साफ कहा है कि जब तक पुलिस लूट की गई करीब 11 लाख रुपये की नगदी और सोने-चांदी के गहने पूरी तरह बरामद नहीं कर लेती, तब तक वह अपना अनशन समाप्त नहीं करेंगे।
थाना रादौर प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने नगरखेड़ा क्षेत्र और मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि वारदात वाली रात आरोपी अंकुश मंदिर के आसपास कैमरों में कैद हुआ था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मंदिर में चोरी और मारपीट की वारदात को कबूल कर लिया। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर मंदिर से लूटी गई नकदी और गहने बरामद किए जाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार एक-दो दिन में बरामदगी होने की पूरी संभावना है। उल्लेखनीय है कि 19 दिसंबर की रात बदमाशों ने नागेश्वर धाम पक्का घाट मंदिर को निशाना बनाया था। बदमाशों ने मंदिर के पुजारी आशाराम के साथ मारपीट कर उन्हें कमरे में बांध दिया और वहां से लगभग 11 लाख रुपये की नगदी सहित सोने-चांदी के कीमती गहने लेकर फरार हो गए थे।
नशे का आदी है गिरफ्त में आया आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अंकुश उर्फ फुलु नशे का आदी है और पहले भी शहर में हुई कई चोरी की वारदातों में उसका नाम जुड़ चुका है। उस पर पहले से चोरी के मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस को राहत जरूर मिली है, लेकिन महंत के अनशन और जनता की नजरें अब लूटी गई संपत्ति की बरामदगी पर टिकी हुई हैं।