छछरौली अनाज मंडी से घर जा रहे आढ़ती की कार को गन्ना लदे ट्राला चालक ने नेशनल हाईवे 73 ए पर टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। मृतक की शिनाख्त जगाधरी निवासी अजय शर्मा के रूप में हुई। घायल की पहचान शेरपुर निवासी सोनू के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर ट्राला कब्जे में ले लिया है।
खिजराबाद अनाज मंडी स्थित आढ़त की दुकान से जगाधरी निवासी अजय और शेरपुर निवासी सोनू कार से घर आ रहे थे। जब वह नेशनल हाईवे 73 ए पर संगमेश्वर फिलिंग स्टेशन के पास पहुंचे इसी दौरान उनके आगे एक गन्ने से लदा ट्राला जा रहा था।
इसी दौरान ट्रक चालक ने कार को साइड मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को ट्रामा सेंटर उपचार के लिए भेज दिया गया। उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल अजय की मौत हो गई व सोनू को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
एएसआई शेर सिंह का कहना है कि मृतक के भाई संदीप की शिकायत पर छछरौली पुलिस ने ट्राला कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज लिया है।