जठलाना थाना क्षेत्र के गांव जयपुर में 55 वर्षीय सुरेशो देवी की रविवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर सही इलाज न करवाने का आरोप लगाया हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया। इस दौरान सही इलाज न दिलाने का आरोप लगाते हुए मृतका के मायके वालों ने सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस के बाहर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों का समझाकर शांत किया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक जयपुर निवासी सुरेशो देवी काफी समय से बीमार चल रही थी। रविवार रात उसकी हालत बिगड़ने पर उसके ससुराल वाले उसे अस्पताल में लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। सोमवार सुबह मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के लोग पोस्टमार्टम हाउस के बाहर एकत्रित हुए। जहां दोनों पक्षों के बीच यहां बहस शुरू हो गई। मृतका के मायके वालों का आरोप है कि सुरेशाे देवी की सही देखभाल नहीं होने और उसके उपचार में लापरवाही बरतने के कारण मौत हुई है। इस मामले को लेकर दोनों पक्ष काफी देर तक पोस्टमार्टम हाउस के बाहर हंगामा करते रहे। बाद में पुलिस ने उन्हें समझा कर शांत किया और मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया। जठलाना थाना के जांच अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि महिला की मौत हुई है। अभी तक बीमार होने से मौत होने की बात सामने आई है। मृतका के परिवार वालों के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।