संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में व्यासपुर उपमंडल के गांवों लाहड़पुर, गलौड़ी व यासीन माजरी में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे जिला परिषद चेयरमैन रमेश चंद ठसका ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 11 वर्षों में अभूतपूर्व तरक्की की है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर चलते हुए गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के हर वर्ग के लिए योजनाएं चलाईं, जिनका लाभ सीधा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। नरेंद्र मोदी ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है और इसे पूरा करने के लिए वह बिना थके और बिना रुके दिन-रात काम कर रहे हैं।
उन्होंने शासक के बजाय जनता के सेवक के रूप में देश की सेवा करते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी है। उनके मजबूत नेतृत्व में केंद्र सरकार की 11 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा इसका जीता-जागता प्रमाण है। मोदी सरकार ने संकल्प से सिद्धि तक की भावना के साथ काम करते हुए भारत को एक नई दिशा दी है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गुरविंदर, पवन, कृपाल सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।