यमुनानगर। बूड़िया चौक के नजदीक पंडित चायवाला के सामने एक तेज रफ्तार कैंटर चालक ने पैदल जा रहे मजदूर को टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने घायल मजदूर को अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी माैत हो गई। शहर जगाधरी थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बिहार के समस्तीपुर जिले के मिल्की गांव निवासी लखविंद्र साहनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह चनेटी रोड स्थित अंबे इंटरप्राइजेज में मजदूरी करता है और वहीं बने क्वार्टर में रहता है। उसका छोटा भाई 45 वर्षीय नरेश साहनी भी बूड़िया रोड स्थित कैथल टिंबर पर मजदूरी करता था और लाइन क्वार्टर में रहता था। मंगलवार रात नरेश बूड़िया चौक पर सामान खरीदने के लिए गया था। वह सामान लेकर पैदल वापस लौट रहा था। इस दौरान बूड़िया चौक के नजदीक पंडित चायवाला के सामने पीछे से तेज गति से आ रहे कैंटर चालक ने नरेश को टक्कर मार दी। इसके बाद वह नीचे गिर पड़ा और कैंटर का पहिया उसके पेट के नीचे हिस्से के ऊपर से निकल गया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक कैंटर लेकर भाग गया। राहगीर नरेश को अस्पताल लेकर गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना शहर जगाधरी प्रभारी राजपाल का कहना है कि शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। नंबर के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।