यमुनानगर। नगर निगम शहरवासियों को बरसात के पानी की निकासी की समस्या से जल्द ही छुटकारा दिलाएगा। इस पूरे प्रोजेक्ट पर 34 करोड़ रुपये पर खर्च होंगे। इस दिशा में निगम ने अपनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। 30 अप्रैल तक शहर में बरसाती पानी की निकासी को लेकर किए जा रहे कार्य पूर्ण हो जाएंगे।
नगर निगम के मेयर मदन चौहान ने बताया कि जगाधरी और यमुनानगर में जलभराव की बहुत बड़ी समस्या रही है। बारिश होने पर ट्विन सिटी में जलभराव हो जाता है। इससे निजात पाने के लिए लगभग 34 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट शुरू किया गया। इस प्रोजेक्ट के तहत जगाधरी बस स्टैंड से जम्मू कॉलोनी तक स्टॉर्म वाटर ड्रेन, हमीदा रोड, बुड़िया चौक रोड, परवालों मार्ग व शहर के कई मार्गों पर स्टॉर्म वाटर ड्रेन डालने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा कॉलोनियों में भी बरसाती पानी की निकासी के लिए अंडरग्राउंड पाइप लाइन व स्टॉर्म वाटर ड्रेन डाली जा रही है। उम्मीद है कि इस बार बारिश में शहर में जलभराव को कोई समस्या नहीं आएगी।