संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। व्यासपुर रोड पर स्थित सभरवाल अस्पताल के डॉक्टर दंपती को बेसुध कर छह लाख रुपये व 300 यूएस डॉलर तथा एक मोबाइल लेकर भागने वाले नेपाल निवासी रसोइये सुनील उर्फ कूका का आठ दिन बाद भी पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई। शहर जगाधरी थाना पुलिस के बाद सीआईए वन टीम भी आरोपी की तलाश में जुटी है।
रसोइये को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस जिस कंपनी से नौकर को हायर किया था, वहां से उसके पते का डाटा भी जुटाने में लगी है। नौकर नेपाल न भाग जाए इसपर भी पुलिस पूरी नजर बनाए हुए है। सीआईए वन इंचार्ज वीरेंद्र का कहना है कि रसोइये की तलाश में उनकी टीमें जुटी हुई है। जल्द उसका पता लगाकर काबू किया जाएगा।
16 जून की सुबह सभरवाल अस्पताल के डॉक्टर दंपती के साथ हुई घटना का तब चला जब स्टाफ का एलटी नवीन छुट्टी लेने के लिए अस्पताल के पीछे बने डॉक्टर के मकान पर गया। मुख्य दरवाजा अंदर से लॉक होने की बजाय हलका खुला था। आवाज लगाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं आया तो नवीन डॉक्टर दंपती के कमरे में गया तो डॉ. नवीन को बेड पर और उनकी पत्नी पूनम कुर्सी को बेसुध हालत में पड़े थे तथा अंदर रखी तीन अलमारियां खुली पड़ी थी।
यह देखकर कर्मचारी अस्पताल के अन्य स्टाफ को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सभी मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। नेपाली रसोइए को कुरुक्षेत्र की कोई प्लेसमेंट कंपनी से नेपाल नौकर को दो माह पूर्व हायर किया गया था। अगले दिन मंगलवार को डॉ. नवीन सभरवाल ने थाना शहर जगाधरी पुलिस को छह लाख नकदी, 300 यूएस डॉलर और एक मोबाइल चोरी होने के बयान दर्ज कराए थे।