लंबे समय की मांग के बाद शहर को लोकल बस की सौगात मिल गई है। यह सेवा जगाधरी रेलवे स्टेशन से जगाधरी वर्कशॉप रेलवे स्टेशन तक होगी, जो सुबह छह से शाम साढ़े सात बजे तक जारी रहेगी।
इस अवधि के बीच हरियाणा रोडवेज की बस 14 फेरे लगाएगी। इस रूट पर लोकल बस के चलने से शहरवासियाें के साथ दैनिक रेल यात्रियों, जिनमें खासकर विद्यार्थी वर्ग को लाभ होगा, क्योंकि बस सुविधा न होने पर अब तक लोगों को ऑटो रिक्शा में महंगा सफर करना पड़ रहा था।
आधा सस्ता हो जाएगा सफर
बता दें कि जगाधरी रेलवे स्टेशन और जगाधरी वर्कशॉप स्टेशन से प्रति पांच किलोमीटर के लिए दस रुपये किराया वसूला जा रहा है। जबकि अब इस रूट पर हरियाणा रोडवेज की लोकल बस सेवा शुरू होने पर प्रति पांच किलोमीटर के लिए पांच रुपये किराया लिया जाएगा, जबकि इससे अधिक किलोमीटर पर दस रुपये किराया निर्धारित किया गया है। एक उदाहरण के तौर पर जगाधरी रेलवे स्टेशन से यमुनानगर बस स्टैंड तक ऑटो रिक्शा से जाने के लिए दस रुपये किराया देना पड़ेगा, जबकि लोकल बस में इसके लिए पांच रुपये देने पड़ेंगे।
रूट पर 14 फेरे लगाएगी बस
जगाधरी रेलवे स्टेशन से जगाधरी वर्कशॉप रेलवे स्टेशन तक के रूट पर हरियाणा रोडवेज की लोकल बस 14 फेरे लगाएगी। इसके तहत जगाधरी रेलवे स्टेशन के समीप अग्रसेन चौक से बस सुबह 6 बजे, 7 बजे, 8 बजे, 9 बजे, 10 बजे, 11 बजे, 12 बजे, दोपहर बाद एक बजे, 2 बजे, 3 बजे, शाम 4 बजे, 5 बजे, 6 बजे तथा 7 बजे रेलवे वर्कशॉप स्टेशन के लिए बस चलेगी। वहीं, जगाधरी वर्कशॉप स्टेशन से बस सुबह 6:30 बजे, 7:30 बजे, 8:30 बजे, 9:30 बजे, 10:30 बजे, 11:30 बजे, 12:30 बजे, दोपहर बाद 1:30 बजे, 2:30 बजे, 3:30 बजे, शाम 4:30 बजे, 5:30 बजे, 6:30 बजे तथा 7:30 बजे जगाधरी रेलवे स्टेशन की ओर चलेगी।