यमुनानगर। एक तरफ जहां यमुना नदी के पानी को लेकर दिल्ली और हरियाणा की सरकार के बीच में रार छिड़ी हुई है, वहीं दूसरी तरफ हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट में यमुना की धारा को पूरी तरह से स्वच्छ और निर्मल बताया गया है। इसी पानी की आपूर्ति दिल्ली को की जा रही है।
विभाग ने 15 दिन पहले यमुना नदी व पश्चिमी यमुना नहर के सैंपल लिए थे। सैंपल भी हथिनी कुंड बैराज व कैनाल रेस्ट हाउस के पास से गुजर रही पश्चिमी यमुना नहर लिये गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक दोनों नमूनों में एक भी ऐसा नहीं है जो निर्धारित मानकों पर खरा न उतरा हो। पानी की शुद्धता जांचने के लिए उसमें पीएच लेवल, टोटल सस्पेंडेड सॉलिड, बायोलॉजिकल आक्सीजन डिमांड, केमिकल ऑक्सीजन डिमांड, अमोनिया नाइट्रोजन, नाइट्रेट नाइट्रोजन, टोटल फॉस्फोरस सहित अन्य की जांच की जाती है।