संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की शुरुआत 25 जनवरी से होगी। यह प्रक्रिया 28 फरवरी तक चलेगी। इसके बाद एक से पांच मार्च तक पांच दिवसीय पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। जनगणना के कार्य में जिले का कोई भी परिवार या व्यक्ति छूट न जाए, इसके लिए प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की जाएगी।
उपायुक्त एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी प्रीति ने बताया कि नागरिकों को इस बार घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज करवाने की सुविधा भी मिलेगी। इसके तहत 10 से 24 जनवरी तक स्व-गणना की जा सकेगी। स्व-गणना के लिए नागरिकों को निर्धारित पोर्टल पर जाकर अपने परिवार से संबंधित जानकारी दर्ज करनी होगी।
इसके बाद जनगणना कर्मचारी घर-घर पहुंचकर परिवारों और व्यक्तियों का विवरण एकत्रित करेंगे। साथ ही नागरिकों की ओर से ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन भी किया जाएगा। इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी होगी। इसके लिए प्रगणकों को विशेष मोबाइल एप की सुविधा दी जाएगी, जिसके माध्यम से वे स्मार्टफोन पर ही आंकड़े दर्ज करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि जनगणना के दौरान निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति से 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें जनसांख्यिकीय स्थिति, सामाजिक एवं शैक्षणिक पृष्ठभूमि, आर्थिक गतिविधियों, भाषा और प्रवास से संबंधित जानकारियां शामिल होंगी। इन आंकड़ों के आधार पर केंद्र और प्रदेश सरकार को विकास योजनाएं तैयार करने और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार संसाधनों का प्रावधान करने में सहायता मिलेगी।
शिक्षकों सहित सरकारी कर्मचारियों की लगेगी ड्यूटी
जनगणना का कार्य पूरा करवाने के लिए स्कूल शिक्षकों सहित विभिन्न विभागों के सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। अभियान शुरू होने से पहले सभी नियुक्त कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि आंकड़े जुटाने और उन्हें दर्ज करने में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। डीसी ने बताया कि जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली से पूरे कार्य की प्रगति पर नजर रखी जाएगी। इससे आंकड़ों के संकलन में गलतियों की संभावना कम होगी और निर्धारित समय में कार्य पूरा करने में मदद मिलेगी। डीसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना के दौरान सही और पूरी जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि जिले के प्रत्येक परिवार का विवरण सरकारी अभिलेखों में दर्ज हो सके।