संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में कश्मीरी युवकों के साथ कथित बदसलूकी और जबरन धार्मिक नारे लगवाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के दो दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई न होने से समाजसेवियों, विभिन्न संगठनों और सोशल मीडिया यूजर्स में गहरा रोष हैं। मामले को लेकर समाजसेवी संजीव वालिया ने मुस्लिम समाज के लोगों के साथ पुलिस को शिकायत सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह मामला थाना छप्पर क्षेत्र के गांव कलावड़ का बताया जा रहा है, जहां कश्मीर निवासी नजीर अहमद ख्वाजा और इम्तियाज अहमद लोन गांव-गांव घूमकर शॉल व चादरें बेच रहे थे। आरोप है कि कुछ स्थानीय युवकों ने उनकी पहचान पर सवाल उठाते हुए उन्हें पाकिस्तानी बताया और ‘जय श्री राम’ व ‘भारत माता की जय’ जैसे नारे लगाने का दबाव बनाया। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें धमकी भरे शब्द भी सुनाई दे रहे हैं। वहीं थाना प्रभारी का कहना है कि लिखित शिकायत नहीं मिली है, फिर भी मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का खुफिया विभाग भी पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से देख रहा है।