संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। उप जिला शिक्षा अधिकारी (डिप्टी डीईओ) शिव कुमार धीमान पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। आरोप है कि वह स्कूलों में जांच के नाम संचालकों को डराकर उनसे मोटी रकम वसूलते हैं। साथ ही निजी पुस्तक प्रकाशकों से भी सांठगांठ का आरोप है। शिक्षा निदेशालय से आरोपों की जिला शिक्षा अधिकारी को जांच करने के लिए कहा गया है। निदेशक के आदेशों की प्रति को आए एक सप्ताह से ज्यादा बीत चुका है, लेकिन अभी तक जांच शुरू नहीं की गई है।
दरअसल अप्रैल में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा को कुछ लोगों ने बिना नाम की शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप था कि राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल गुमथला राव के प्रिंसिपल शिव कुमार धीमान वर्ष 2018 से यमुनानगर के डिप्टी डीईओ पद पर है। उनकी डिप्टी डीईओ पद पर नियुक्ति का कोई आधिकारिक पत्र या आदेश नहीं है।
वह जिस स्कूल के प्रिंसिपल हैं, वहां कभी नहीं जाते। इससे विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा हैं। स्थाई मान्यता के लिए स्कूलों का निरीक्षण करने के लिए गठित कमेटी को डिप्टी डीईओ के हस्ताक्षर की आवश्यकता नहीं होती। फिर भी डिप्टी डीईओ अनधिकृत रूप से स्कूलों में जाकर उन्हें अपनी गलत मंशा के आगे झुकने को मजबूर कर हैं।
आरोप गै ति स्कूलों मान्यता देने के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूलते हैं। वह अपने चहेतों से आरटीआई लगवाते हैं और फिर उनसे मोटी रकम वसूलते हैं। इसकी शिकायतें पहले भी कई बार की गई, लेकिन वह इनकी जांच रोकने में सफल रहे। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि निजी स्कूलों को अपने जानकार निजी प्रकाशकों की किताबें लगाने को मजबूर करते हैं।
साथ ही प्रिंसिपल के पद पर होते हुए कई महंगी गाड़ियां खरीदने का भी आरोप कृषि मंत्री को दी गई शिकायत में लगाया गया। मंत्री राणा ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए शिक्षा विभाग के निदेशक को भेज दिया था। अब निदेशक ने मामले की जांच का जिम्मा डीईओ को सौंपा है। मामले में डिप्टी डीईओ शिव कुमार धीमान का कहना है आरोप बेबुनियाद हैं। किसी गुमनाम चिट्टी में लगाए गए आरोप सही हो सकते। मैने पूरी निष्ठा के काम किया है। मैं हर जांच के लिए तैयार हूं।
उप जिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार धीमान के खिलाफ की गई शिकायत की जांच के लिए निदेशालय से गत माह आदेश आए हैं। कमेटी बनाकर इस मामले की जांच करवाई जाएगी। इससे पहले उन्हें नोटिस जारी करके उनका पक्ष जाना जाएगा। - धर्मेंद्र चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी, यमुनानगर।