संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जगाधरी तहसील के नोगांव जागीर में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए निर्माण को ध्वस्त कर दिया। डीसी प्रीति के आदेशानुसार वीरवार को जिला नगर योजनाकार की ओर से जिला प्रशासन व पुलिस बल की मौजूदगी में निर्माण ढहाया है।
डीटीपी राजेश कुमार ने बताया कि कार्रवाई के दौरान करीब 2.5 एकड़ क्षेत्र में फैली अवैध कॉलोनी में बनाई गई कच्ची सड़कों का जाल, प्लाटों की निशानदेही और चारदीवारी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। यह कॉलोनी बिना किसी वैधानिक अनुमति के विकसित की जा रही थी। नियंत्रित क्षेत्र अधिनियम 8 ऑफ 1975 के तहत नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन विभागीय आदेशों की पालना नहीं की गई।
आवश्यक स्वीकृति लिए बिना कॉलोनी विकसित किए जाने के कारण यह कठोर कार्रवाई करनी पड़ी। तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान वह खुद मौके पर मौजूद रहे। उनके साथ क्षेत्रान्वेषक रवि दत्त भी उपस्थित रहे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिजली निगम यमुनानगर के एक्सईएन शेखर को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था।
वहीं थाना प्रबंधक, राज्य प्रवर्तन ब्यूरो यमुनानगर अपने दल-बल सहित मौके पर तैनात रहे, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। राजेश कुमार ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी या अनधिकृत निर्माण में प्लाटों की खरीद-फरोख्त न करें। यदि कोई व्यक्ति अवैध कॉलोनी या निर्माण में संलिप्त पाया गया तो वह स्वयं इसके लिए जिम्मेदार होगा।