संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। फर्जी जमानती बैंडी गांव निवासी जय कुमार पर कोर्ट ने केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं। आरोपी ने जिसकी जमानत ली थी, वह तारीख पर नहीं आया। सेक्टर 17 थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2018 में कालिंदी कालोनी में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य व उनकी पत्नी को बंधक बनाकर डकैती डाली गई थी। इस केस में उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव रसूलपुर निवासी शमशाद अली को गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसने जमानत के लिए अर्जी लगाई। उसकी जमानत बैंडी निवासी जय कुमार ने दी। अब काफी समय से आरोपी शमशाद कोर्ट में पेश नहीं हुआ।
कोर्ट ने जय कुमार को समन किया। जब जय कुमार कोर्ट में पेश हुआ और आरोपी के बारे में पूछा तो उसने कहा कि वह शमशाद को नहीं जानता। अपने एक जानकार पड़ोसी सुशील के कहने पर वह जमानत के लिए तैयार हो गया था। इसके लिए एक हजार रुपये मिले थे। कोर्ट ने जय कुमार को फटकार लगाई।
कोर्ट ने कहा कि आरोपी ने फर्जीवाड़ा कर जमानत ली है। इस संबंध में एएसजे यशविंद्र पाल सिंह की कोर्ट के रीडर के बयान पर केस दर्ज किया गया है। सेक्टर 17 थाना प्रभारी रजत का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।